लखनऊ। पारा क्षेत्र की पिंक सिटी गंगा विहार कॉलोनी में बुधवार की सुबह स्टेशनरी दुकानदार दीपक मिश्रा के बेटे वैभव से हुई मारपीट के बाद रात में फायरिंग की गई। इसमें पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
बताते हैं कि सुबह मारपीट की घटना के बाद दीपक मिश्रा, उनके भाई अमरदीप, आशीष मिश्रा, आशीष दुबे, बलराम सहित महिलाओं ने जब रात करीब आठ बजे आरोपियों के घर जाकर शिकायत की तो दूसरे पक्ष के लोगों ने मोहल्ले में हमला करने की बात कहकर अफवाह फैलाते हुए भीड़ जुटा ली। दहशत फैलाने के लिए आरोपियों ने करीब पांच राउंड हवाई फायरिंग भी की। इसी दौरान दीपक मिश्रा के सिर पर हमलाकर घायल कर दिया गया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से भाग निकले। घायल दीपक को पुलिस ने उपचार के लिए भेजा और घटनास्थल से एक कारतूस बरामद किया।
इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि दीपक की पत्नी रेनू मिश्रा की तहरीर पर नन्हू, समीर, नूर पहलवान, वसीम बदर, शाहरुख, मुस्ताक, सद्दाम साबू, मोईन समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ देर रात केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने पिंक सिटी फेज-2 निवासी मोईन, भातू कॉलोनी निवासी वसीम, समीर और काकोरी मोड़ निवासी शाहबान को गिरफ्तार कर लिया है।