फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ग्राउंड फ्लोर पर लगी भीषण आग, ऊपर की मंजिल पर धुआं भरने से अस्पतालों में मचा हड़कंप, मरीजों को बाहर और छत पर लेकर भागे

विज्ञापन
विज्ञापन
लखनऊ। ठाकुरगंज इलाके के कॉम्प्लेक्स में स्थित टेलर की दुकान में बुधवार सुबह अचानक आग लग गई। दुकान से निकल रहा धुआं इसी कॉम्प्लेक्स की ऊपरी मंजिल पर स्थित दो निजी अस्पतालों में भरने लगा तो वहां के स्टाफ ने ठाकुरगंज थाने के साथ ही फायर कंट्रोल रूम में सूचना दी। आनन-फानन मरीजों व तीमारदारों में से कुछ को छत पर तो कुछ को बाहर भेज दिया गया। चौक फायर स्टेशन से पहुंचीं दो दमकल ने करीब एक घंटे में आग पर काबू पा लिया। टेलर की दुकान का सारा सामान राख हो गया।
विज्ञापन

ठाकुरगंज चौराहे से कुछ दूरी पर मुख्य सड़क पर स्थित एक कॉम्प्लेक्स के भूतल पर नजीर अहमद की अमेरिकन टेलर नाम से दुकान है। इसी कॉम्प्लेक्स के प्रथम तल पर लिमरा हॉस्पिटल और रॉयल हास्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर हैं। बुधवार सुबह नजीर अहमद की दुकान से अचानक धुआं निकलने लगा। कुछ देर में ही नर्सिंग होम समेत पूरी बिल्डिंग में धुआं भर गया। नर्सिंग होम के कर्मचारियों ने पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना देने के साथ ही आनन-फानन मरीजों व तीमारदारों को छत पर और बाहर खुले स्थान में शिफ्ट कराया।
इसी बीच चौक फायर स्टेशन से दो दमकल लेकर पहुंचे अग्निशमन कर्मचारियों ने टेलर की दुकान का ताला तोड़ने की कोशिश की मगर नहीं टूटा। इस पर कटर से शटर काटकर आग बुझानी शुरू की गई। चौक के फायर स्टेशन ऑफिसर आरके यादव ने बताया कि कॉम्प्लेक्स में स्थित दोनों अस्पतालों में धुआं भरने लगा था। इसके चलते वहां के सभी मरीजों व तीमारदारों में से कुछ को बाहर तो कुछ को छत पर खुले स्थान पर भेज दिया गया था। दुकानदार नजीर ने बताया कि वह सिलाई के साथ ही कपड़े का भी कारोबार करते हैं। अग्निकांड में सिलाई के लिए आए कपड़ों के साथ ही दुकान में रखा लाखों रुपये का माल जलकर राख हो गया।
विज्ञापन

बड़ा हादसा टला
लखनऊ। गनीमत रही कि टेलर की दुकान में सुबह आग लगी और समय रहते दमकल पहुंच गई वर्ना बड़ा हादसा हो सकता था। सुबह का समय होने के चलते एक तो कॉम्प्लेक्स व आसपास सन्नाटा था और सड़क पर जाम न होने के चलते चंद मिनट में दमकल भी पहुंच गई। इससे कॉम्प्लेक्स में फैलने से पहले ही आग पर काबू पा लिया गया।
किराना स्टोर व कारखाने में लगी आग
लखनऊ। इंदिरानगर के तकरोही स्थित किराना स्टोर में मंगलवार देर रात शार्ट सर्किट से तो लक्ष्मणपुरी स्थित फर्नीचर कारखाने में अलाव से आग लग गई। दोनों जगह गाजीपुर फायर स्टेशन की टीम ने आग पर काबू पाया।
इंदिरानगर के गोमती विहार तकरोही में रजनीश कुमार की किराना की दुकान है। मंगलवार देर रात दुकान से धुआं निकलते देख किसी राहगीर ने तकरोही पुलिस चौकी पर सूचना दी। चौकी प्रभारी व आरक्षी धर्मेंद्र मौके पर पहुंचे और गाजीपुर फायर स्टेशन पर सूचना भी दी। दमकल टीम ने दुकान के ताले काटकर शटर खोला और कुछ देर में ही आग पर काबू पा लिया। यूनिट इंचार्ज शेर अली ने बताया कि दुकान में शार्ट-सर्किट से आग लगी थी। समय रहते आग पर काबू पाने से अधिक नुकसान नहीं हुआ है। वहीं, गाजीपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुरी स्थित मो. शाहिद में सोफा रिपेयरिंग कारखाने में भी मंगलवार देर रात आग लग गई। यहां भी गाजीपुर फायर स्टेशन की टीम ने आग पर काबू पाया। पता चला कि कारखाने में जलता अलाव छोड़ देने के कारण आग लगी थी। यहां पुराना फर्नीचर व कुछ अन्य सामान के साथ कबाड़ जला है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें