विभूतिखंड इलाके में स्थित इलेक्ट्रॉनिक दुकान में बृहस्पतिवार दोपहर आग लग गई। इस दौरान अंदर रखे फ्रिज का कंप्रेशर धमाके के साथ फट गया।
उधर, बुधवार देर रात अलीगंज के राम राम बैंक चौराहे के पास स्थित हाईलैंड स्क्वायर प्लाजा में चल रहे स्टोरेंट में आग लगने से हड़कंप मच गया।
तेज धमाके के साथ सिलेंडर फटने से पड़ोस की दुकानों के शटर उखड़ गए। दमकल की गाड़ी ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। पुलिस के मुताबिक, आशंका है कि दोनों स्थान पर शॉर्ट सर्किट से आग लगी थी।
विभूतिखंड के आरके टिंबर के पास स्थित इलेक्ट्रॉनिक दुकान में दोपहर करीब 12 बजे लपटें निकलने लगीं।
पहले तो दुकान के कर्मचारियों ने आसपास के लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग ने विकराल रूप ले लिया।
लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। इस बीच फ्रिज का कंप्रेशर फट गया। पांच दमकलों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
उधर, रामराम बैंक चौराहे के पास हाईलैंड स्क्वायर प्लाजा में दूसरे तल पर स्थित रेस्टोरेंट में बुधवार देर रात 2.30 बजे आग लग गई।
इस बीच तेज धमाके के साथ दो गैस सिलेंडर फटने से दीवार और छत के प्लास्टर उखड़ गए। यही नहीं, पड़ोस में स्थित दुकानों के शीशे और शटर भी उखड़ गए। सूचना पर पहुंची दमकल की एक गाड़ी ने दो घंटे बाद आग पर काबू पा लिय।