ऑर्थोपेडिक क्लीनिक में लगी आग, फंसे 16 लोगों को बचाया
दमकल की छह गाड़ियों ने दो घंटे में आग पर पाया काबू, कोई हताहत नहीं हुआ
ठाकुरगंज थानाक्षेत्र के बालागंज चौकी के सामने स्थित एक मेडिकल स्टोर और आर्थोपेडिक क्लीनिक में मंगलवार रात आग लग गई। पुलिस व अग्निशमन कर्मचारियों ने आग में फंसे 16 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। दमकल की छह गाड़ियों ने दो घंटे में आग पर काबू पाया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी विजय सिंह के मुताबिक, दुकान में केमिकल होने के कारण आग पर काबू पाने में काफी दिक्कतें हुईं। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। आग शॉर्ट सर्किट से लगने की बात सामने आई है। इसकी जांच की जाएगी।
प्रभारी निरीक्षक ठाकुरगंज राजकुमार के अनुसार, बालागंज चौराहे के पुलिस चौकी के निकट डॉ. राजिक अंसारी का जैना मेडिकल स्टोर और जैना ऑथोक्लिनिक है। मंगलवार रात करीब 8.30 व नौ बजे के बीच में क्लीनिक में आग लग गई। लपटें और धुआं देख लोगों ने इसकी सूचना पुलिस व फायर कंट्रोल रूम को दी। बालागंज चौकी प्रभारी विजय सिंह ने पुलिसकर्मियों की मदद से आग में फंसे लोगों को निकालना शुरू किया। चौकी प्रभारी के मुताबिक, क्लीनिक की छत पर रहने वाले एक परिवार में तीन सदस्य, मेडिकल स्टोर के चार कर्मचारी और क्लीनिक के ठीक पीछे एक अन्य मकान में फंसे नौ लोगों को सुरक्षित निकाला गया। इस दौरान करीब आधे घंटे का समय लग गया। गनीमत रही कि कोई झुलसा नहीं है।
देर से पहुंचीं दमकल की गाड़ियां, हंगामा
हादसा स्थल पर सूचना होने के आधे घंटे बाद दमकल की गाड़ियां पहुंचीं। इसे लेकर स्थानीय लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी विजय सिंह के मुताबिक, रास्ते में जाम होने के कारण दमकल की गाड़ियां देरी से पहुंचीं। आग से मेडिकल स्टोर के सारे सामान राख हो गए हैं।