राजधानी लखनऊ के चौक क्षेत्र में सुभाष मार्ग पर राजा बाजार में नाला किनारे टीनशेड के नीचे की दुकानों में रविवार तड़के संदिग्ध हालात में आग लगने से आठ दुकानें जल गई। दमकल दस्ते को आग बुझाने में दो घंटे लगे। दुकानदारों ने आग लगने की जांच की मांग की है।
पुलिस के मुताबिक, राजा बाजार से क्वीन मेरी की तरफ जाने वाले मार्ग पर नाला के किनारे टीनशेड के नीचे आठ दुकानें हैं। इनमें आरिफ का होटल, अशोक व मेंहदी हसन की सिलाई की दुकान, रेवती रमन शर्मा की लाइब्रेरी, एजाज अहमद का नानवेज रेस्टोरेंट, रामप्रसाद की कबाब-पराठा की दुकान और राजू की टॉयर-ट्यूब व पंचर बनाने की दुकान थी।
इसके अलावा एक दुकान में आसमां बानो अपनी बेटी रानी व रुशिदा के साथ रहती है। इलाके के लोगों के मुताबिक, रविवार सुबह 4 बजे दुकानों में संदिग्ध हालात में आग लग गई। आसमां व उसकी बच्चियों ने शोर मचाया। दमकल की चार गाड़ियों को आग बुझाने में दो घंटे लगे। विधायक ने पीड़ितों को आर्थिक सहायता दी और मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।