लखनऊ। नक्खास में रविवार भोर फुटपाथ की एक दुकान में शॉर्ट-सर्किट से आग लग गई। सूचना पर जब तक अग्निशमन टीम पहुंची, तब तक लपटों ने विकराल रूप धारण करते हुए आसपास की कई दुकानों को चपेट में ले लिया। अग्निशमन कर्मचारियों ने करीब साढ़े तीन घंटे मशक्कत करके आग पर काबू पाया। अग्निकांड में आठ दुकानें जल गईं।
नक्खास में रहने वाले लाडले की पुलिस चौकी के पास ही फुटपाथ पर क्रॉकरी की दुकान है। रविवार भोर करीब पांच बजे लाडले की दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। दुकान से धुआं व लपटें निकलती देख स्थानीय नागरिक शोएब ने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। इस पर तत्काल पुलिसकर्मी पहुंचे और चौक फायर स्टेशन पर सूचना दी। कुछ ही देर में इंस्पेक्टर चौक विश्वजीत सिंह और एफएसओ चौक राम किशोर यादव टीम के साथ तीन दमकल लेकर मौके पर पहुंच गए। मगर तब तक लपटों ने विकराल रूप धारण करते हुए आसपास की कई दुकानों की चपेट में ले लिया। फुटपाथ के पीछे मार्केट में स्थित अशर्फाबाद निवासी विशाल रस्तोगी के शोरूम विकास क्लाथ सेंटर को भी लपटों ने चपेट में ले लिया। बेसमेंट समेत चार मंजिल के इस शोरूम से लपटें व धुएं का गुबार निकलता देख वहां अफरातफरी मच गई। आग बढ़ती देख हजरतगंज और आलमबाग फायर स्टेशन से भी दो-दो दमकल मंगाई गईं। फुटपाथ की दुकानों में लगी आग तो करीब डेढ़ घंटे में अग्निशमन कर्मचारियों ने काबू पर ली। मगर शोरूम में बेसमेंट से लेकर दूसरी मंजिल तक कपड़ों में इतनी भीषण आग लगी थी कि लपटों व धुएं के गुबार के बीच इस पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था। एफएसओ रामकिशोर ने बताया कि शोरूम के बगल की दुकान की छत पर सीढ़ी लगाकर टीम भेजी गई। फिर वहां से ड्रिल करके दो जगह दीवार काटकर आग बुझाने का प्रयास किया गया। करीब साढ़े तीन घंटे में आग पर काबू पाया जा सका।
अग्निकांड में विशाल रस्तोगी के शोरूम के साथ ही लाडले की क्रॉकरी, आसिफ और रेहान की पर्स की दुकान, शादाब व रियाज की चूड़ी, राजू की रेडीमेड कपड़े और गुलाम की होजरी की दुकान पूरी तरह से जल गई। विशाल ने करीब दो करोड़, लाडले ने आठ लाख और अन्य दुकानदारों ने भी लाखों रुपये का नुकसान होने की बात कही है। पुलिस ने तहसील की टीम से क्षति का आकलन कराने की बात कही है।
कटिया से जलाते हैं बिजली, शॉर्ट सर्किट से लगी आग
लखनऊ। मार्केट के दुकानदारों ने बताया कि फुटपाथ के व्यापारी कटिया से बिजली का इस्तेमाल करते हैं। इनमें कई व्यापारी दुकानें बंद करने के बाद भी भीतर की लाइट जलाकर ही जाते हैं, ताकि चोर ये समझें कि भीतर कोई है।
पीड़ित दुकानदारों को मिले मुआवजा
लखनऊ। ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड के महासचिव मौलाना यासूब अब्बास ने अग्निकांड से हुए नुकसान का जायजा लेने के साथ ही पीड़ित दुकानदारों से बातचीत की। उन्होंने पीड़ित दुकानदारों को मुआवजा देने की जिला प्रशासन से मांग की है। मौलाना का कहना है कि लॉकडाउन के चलते व्यापारियों को पहले ही काफी नुकसान हो चुका है, उस पर से अग्निकांड से तो ये पूरी तरह से तबाह ही हो गए हैं। ऐसे प्रशासन को इन दुकानदारों की मदद करनी चाहिए। नक्खास पटरी दुकानदार एसोसिएशन के अध्यक्ष मेराज अंसारी उर्फ पप्पू ने अग्निकांड से पीड़ित दुकानदारों को आर्थिक मदद देने की सरकार से मांग की है।
नगर निगम पर लापरवाही का आरोप
नक्खास व्यापार मंडल के अध्यक्ष इरफान अंसारी ने बताया कि उन्होंने दिसंबर 2020 में मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर नक्खास के पटरी दुकानदारों को व्यवस्थित करने की मांग की थी। कार्रवाई न होने पर फरवरी 2021 में भी पत्र लिखकर सड़क से अतिक्रमण हटाने की मांग की थी मगर कोई सुनवाई नहीं हुई। यदि समय रहते नगर निगम ने अतिक्रमण हटा दिया होता तो अग्निकांड की ये घटना न होती।
पुलिस को दी तहरीर
इंस्पेक्टर चौक विश्वजीत सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया फुटपाथ की दुकान में शॉर्ट-सर्किट से आग लगने की बात सामने आ रही है। मामले में पीड़ित दुकानदार विशाल रस्तोगी ने तहरीर दी है। छानबीन की जा रही है। वहीं, अग्निकांड पीड़ित लाडले ने भी मामले में पुलिस को तहरीर देने की बात कही है।