लखनऊ के इंदिरा नगर सेक्टर 15 में मंगलवार तड़के 5:30 बजे के करीब एक मकान में आग लग गई। सूचना पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
एफएसओ इंदिरा नगर उमाकांत सिंह के मुताबिक मुंशी पुलिया के पास सेक्टर 15 निवासी राजू अग्रवाल के मकान में मंगलवार सुबह आग लग गई। 6:00 बजे के करीब सूचना फायर कंट्रोल रूम को दी गई।
तत्काल दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी। आग लगने के बाद घर के अंदर राजू अग्रवाल, उनकी पत्नी, बेटी व बेटा फंस गए थे। सभी लोगों को अग्नि शमन कर्मचारियों ने सुरक्षित बाहर निकाला इसके बाद आग पर एक घंटे में काबू पाया।
एसी में शॉर्ट सर्किट होने से लगी आग
एफएसओ उमाकांत सिंह के मुताबिक आग एसी में शॉर्ट सर्किट होने के कारण लगी थी। घर के अंदर यह पूरा कमरा जिसमें राजू अग्रवाल रहते थे, जलकर राख हो गया। सारा सामान आग की चपेट में आ गया था।
वहीं पड़ोस का एक और कमरा भी उसकी जद में आने से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में लाखों रुपए का सामन जलकर राख हो गया। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है।