राजधानी लखनऊ के महानगर में मंगलवार को गद्दे और पर्दे के शोरूम में आग लग गई। हादसे से अफरातफरी मच गई। दमकलकर्मी छह गाड़ियों से आग पर काबू पाने में जुट गए। रहीम नगर चौराहे पर मोना फर्नीशिंग हाउस नाम से शोरूम है।
मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे शोरूम से आग की लपटें और धुआं उठने लगा। यह देख लोग घबरा गए। आननफानन शोरूम में मौजूद कर्मचारी व ग्राहक बाहर निकल गए। दमकल को घटना की सूचना दी गई।
मौके पर एक गाड़ी फायर स्टेशन इंदिरानगर, एक गोमतीनगर, दो हजरतगंज और दो चौक से पहुंचीं। दमकलकर्मी आग बुझाने में जुट गए। धुएं के कारण उन्हें आग बुझाने में समस्या होने लगी। एफएसओ गोमतीनगर सुशील यादव के मुताबिक आग पर अभी भी काबू पाया जा रहा है।