अमेठी सिटी जायस इलाके में मंगलवार रात अज्ञात कारणों से मिठाई की दुकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते आग ने ऊपर के फ्लोर को भी अपने कब्जे में ले लिया। स्थानीय लोगों ने निजी साधनों से आग पर काबू करने का प्रयास किया लेकिन आग पर काबू नहीं पा सके।
मौके पर पहुंची दमकल टीम ने आग पर काबू पाया। आग से लाखों रुपए का नुकसान जलकर राख हुआ है। जायस कस्बे में चौराहे के पास ही राशिद की मिठाई की दुकान है। होली और रमजान को लेकर दुकान में भारी मात्रा में मिठाइयां और सेवई वगैराह रखी गई थी। मंगलवार रात अचानक दुकान में भीषण आग लग गई। जब तक दुकान मालिक के अलावा अन्य लोग कुछ समझते तब तक आग पहली मंजिल तक पहुंच गई।
स्थानीय लोगों ने निजी साधनों से आग को बुझाने का प्रयास किया लेकिन वह सफल नहीं हो सके जिसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलने के करीब 1 घंटे बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग से करीब 10 लाख रुपए से अधिक का सामान जलकर राख हुआ है। फिलहाल दुकान में आग कैसे लगी यह एक जांच का विषय है। बताया जा रहा है कि जिस दुकान में आग लगी है उस दुकान में बिजली का कनेक्शन भी नहीं था।