बख्शी का तालाब। इटौंजा के माधवपुर गांव में रविवार रात सीतापुर हाईवे के किनारे स्क्रैप के गोदाम में आग लग गई। इसने छह और दुकानों को चपेट में ले लिया। इस बीच हुए ताबड़तोड़ धमाकों से लोग सहम उठे। दमकल कर्मियों ने तीन गाड़ियों से चार घंटे में आग पर काबू पाया। गोदाम मालिक ने एक युवक पर रंजिश में आग लगाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
सीतापुर रोड पर मड़ियांव के मोहिबुल्लापुर निवासी नसरुद्दीन सिद्दीकी का गोदाम है। इसके पास शिवा की बाइक, उमेश की कार सर्विसिंग, विवेक की इलेक्ट्रॉनिक, आरिफ, मुनीर और राजू की भी दुकानें है। रविवार रात 12 बजे गोदाम में आग लग गई। लपटों ने पास की दुकानों को भी चपेट में ले लिया। सर्विसिंग सेंटर में रखे डीजल, मोबिल ऑयल के कारण धमाके होने लगे। इससे आस-पड़ोस में रहने वालों की आंखें खुलीं। लपटों को देख लोगों ने दमकल, पुलिस और पीड़ितों को जानकारी दी।
धुएं से सांस लेना हुआ दूभर
कुछ देर में एफएसओ बीकेटी प्रशांत कुमार दो गाड़ियों और टीम के साथ पहुंचे। आग को विकराल होता देखकर फायर स्टेशन चौक से भी गाड़ी मंगवाई। दमकल कर्मी दो टीमों में बंट गए। राहत कार्य के दौरान धुएं के कारण सांस लेना दूभर हो गया। ब्रीथिंग ऑपरेटिंग सेट पहनकर काम शुरू कर दिया। चार घंटे में आग पर काबू पाया जा सका। एफएसओ के मुताबिक आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
लेनदेन के विवाद पर घटना अंजाम देने का आरोप
नसरुद्दीन का आरोप है कि इटौंजा की अशोक रोड निवासी युवक का दुकानदारों से लेनदेन का विवाद है। वह बेवजह उनसे भी रंजिश रखता है और आए दिन दुकानों में आग लगाने की धमकी देता है। नसरुद्दीन ने बताया कि उन्होंने 12 नवंबर को तहरीर दी, पर कुछ नहीं हुआ। आरोप लगाया कि युवक ने पहले एक दुकान में आग लगाई, जिसकी चपेट में उनका गोदाम भी आ गया। एबीसी लाइन जल गई। बिजलीकर्मियों ने सोमवार सुबह 11 बजे लाइन बदलकर इटौंजा-माल की बिजली बहाल की। इंस्पेक्टर मार्कंडेय यादव के मुताबिक तहरीर मिली है। जांच की जा रही। साक्ष्य मिलने पर कार्रावाई होगी।
इटौंजा के माधवपुर गांव में रविवार रात स्क्रैप के गोदाम में लगी आग।