मलिहाबाद। सैयद वाड़ा इलाके में रहने वाले जमाल अहमद ने जाली दस्तावेज लगा कर अपने तीन पासपोर्ट बनवा लिए। एसीपी मलिहाबाद ज्ञानेंद्र सिंह की जांच में इसका खुलासा हुआ। जमाल के खिलाफ दरोगा श्री प्रकाश ने मलिहाबाद थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। जमाल पर पासपोर्ट एक्ट 12 (1) (B), बीएनएस 468 और 471 की धारा में कार्रवाई की गई।
इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि मलिहाबाद के सैयद वाड़ा के रहने वाले जमाल के खिलाफ कुछ समय पहले पासपोर्ट ऑफिस और लोकल इंटेलिजेंस यूनिट (एलआईयू) ने एसीपी ज्ञानेंद्र सिंह से शिकायत की थी। एसीपी ने जब तफ्तीश शुरू की तो उन्हें पता चला कि जमाल अहमद ने पहला पासपोर्ट 10 जनवरी 1995, दूसरा पासपोर्ट 12 जुलाई 2006 को और तीसरा पासपोर्ट एक फरवरी 2019 को बनवाया था। तीनों पासपोर्ट में आरोपी ने माता-पिता का नाम और जन्मतिथि समेत कई विवरण अलग-अलग पाए गए।
जांच पूरी होने पर एसीपी ने दरोगा श्री प्रकाश को आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए। दरोगा ने शनिवार को थाने में तहरीर दी। इंस्पेक्टर ने बताया कि तीसरे पासपोर्ट से जमाल सऊदी अरब चला गया। लौटने पर पुलिस पूछताछ करेगी।