डॉक्टर पति समेत पांच पर दहेज प्रताड़ना का केस
- आरोपी पति ने तेजाब से जलाने की दी धमकी
- गोमतीनगर पुलिस ने पांच पर दर्ज किया केस
संवाद न्यूज एजेंसी
लखनऊ। गोमतीनगर के विजयखंड निवासी डॉक्टर सुष्मिता यादव ने गाजियाबाद के वृंदावन गार्डन साहिबाबाद में रहने वाले डॉ. पंकज सिंह व उसके घरवालों पर दहेज में 50 लाख न देने पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। मामले में गोमतीनगर पुलिस ने आरोपी पति व चार अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
डॉक्टर सुष्मिता के मुताबिक वह वर्तमान में हरियाणा के सोनीपत स्थित भगत फूल सिंह मेडिकल कालेज में कार्यरत हैं। 23 नवंबर 2023 में उनकी शादी डॉ. पंकज से हुई थी। शादी के दो माह बाद जब वह मायके जाने के लिए तैयार हुईं तो सास ऊषा और पति ने बहाना बना कर उनके जेवर रख लिए। ससुराल लौटने पर सास खुद का नर्सिंग होम खोलने के लिए उनसे दहेज में 50 लाख की मांग करने लगीं। असमर्थता जताने पर सास, पति, ससुर धर्मराज, देवर प्रशांत और देवरानी भूमिका आए दिन गाली-गलौज और मारपीट करने लगी। इससे परेशान सुष्मिता मायके आ गईं। 12 दिसंबर 2024 को उनकी नौकरी सोनीपत के मेडिकल कॉलेज में लग गई। आरोप है कि वहां पति और देवरानी आ धमकी। पति ने तलाक के पेपर पर उनसे हस्ताक्षर करने को कहा। विरोध पर दोनों ने उन्हें तेजाब से जलाने और हत्या की धमकी दी। जनवरी 2025 में डर के कारण डॉक्टर सुष्मिता ने नौकरी छोड़ दी और गोमतीनगर में रहने लगीं। मां और पिता के समझाने पर उन्होंने पुलिस से शिकायत की। इंस्पेक्टर बृजेश चंद्र तिवारी के मुताबिक जांच में मामला सही पाए जाने पर बृहस्पतिवार को केस दर्ज किया गया है। विवेचना चल रही है।