- ठगी की रकम आने पर पीड़ित का बैंक खाता हुआ सीज
- हुसैनगंज पुलिस ने आरोपी पर दर्ज किया केस
संवाद न्यूज एजेंसी
लखनऊ। कैसरबाग के ख्याली गंज निवासी मजदूर राहुल अवस्थी को योजनाओं का लालच देकर पड़ोसी सलीम ने उनका बैंक खाता खुलवाया। फिर ठगी की रकम दोबारा पड़ते ही पीड़ित का खाता फ्रीज हो गया। हुसैनगंज पुलिस ने आरोपी सलीम के खिलाफ बृहस्पतिवार को धोखाधड़ी की धारा में एफआईआर दर्ज की है।
राहुल के मुताबिक कुछ दिन पहले सलीम ने उन्हें खाता खोले जाने पर कई सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने की बात कही थी। इसपर वह झांसे में आ गए और और सलीम के साथ इंडियन बैंक शाखा बर्लिंगटन में पहुंचे। यहां पीड़ित ने अपना खाता खुलवाया। इसके बाद थोड़ा समय बीतने पर पीड़ित के खाते में ठगी की कुछ रकम आई। राहुल जब तक रकम निकालते तब तक उनका खाता फ्रीज हो चुका था। बैंक से संपर्क करने पर पीड़ित को पता चला कि उनके खाते में ठगी की रकम भेजी गई है। मामले की शिकायत पीड़ित ने बृहस्पतिवार को हुसैनगंज थाने में की है।
पहले भी दो हजार रुपये ले चुके राहुल
इंस्पेक्टर राम कुमार गुप्ता के मुताबिक प्राथमिक जांच में सामने आया है कि राहुल के खाते में एक बार पहले भी रकम आ चुकी है। इसके बदले सलीम ने उन्हें दो हजार रुपये भी दिए थे। दोबारा रकम आने पर खाता फ्रीज हुआ है।
रकम कहां से खाते में ट्रांसफर हो रही है और सलीम की क्या भूमिका इस बात का पता लगाया जा रहा है।