लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी थाने में रविवार को अंसल कंपनी के खिलाफ 50 लाख की ठगी की एफआईआर दर्ज हुई है। कंपनी के मालिकों पर प्रतापगढ़ के जेठवारा निवासी रमेश चंद्र यादव व उनके भाई से दो प्लॉट के नाम पर धोखाधड़ी करने का आरोप है।
रमेश ने बताया कि वर्ष 2011 में वह और उनके भाई लाल प्रताप लखनऊ में जमीन खरीदने के लिए सुशांत गोल्फ सिटी स्थित अंसल कंपनी के दफ्तर पहुंचे थे। दफ्तर में उनकी मुलाकात कंपनी के मालिक प्रणव अंसल से हुई थी। उन्होंने और उनके भाई ने दो प्लॉट बुक कराए और 50 लाख रुपये भी कंपनी में जमा करा दिए। आरोप है कि करीब 15 वर्ष बाद भी उनके और भाई के नाम पर रजिस्ट्री नहीं की गई। ऐसे में उन्होंने सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस से शिकायत की। इंस्पेक्टर राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि मामले की तफ्तीश की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।