एनटीपीसी के बॉयलर में हुए विस्फोट के पांच दिन बीत गए हैं, लेकिन अभी तक इस मामले की एफआईआर नहीं दर्ज कराई गई है। यह हाल तब है जब लखनऊ में घायलों से मिलने के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने विभागीय अफसरों को फटकार लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करने को कहा, लेकिन अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।
हालांकि घटना वाले दिन ऊंचाहार कोतवाली पुलिस ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए जीडी में तस्करा दर्ज कर लिया, जिसमें घटना का उल्लेख किया गया है। उधर, एसपी शिवहरि मीणा का कहना है कि एनटीपीसी हादसे से जुडे़ मामले में न तो अभी तक कोई तहरीर मिली है और न ही उच्चाधिकारियों का रिपोर्ट दर्ज करने का कोई आदेश आया है।
एनटीपीसी हादसे को पांच दिन बीत गए हैं। कई स्तर से जांच भी चल रही है। अब तक हादसे को लेकर एनटीपीसी के किसी भी अफसर को दोषी करार नहीं दिया गया है। जिले से लेकर दिल्ली तक की टीम जांच करने में जुटी है। सीएम योगीनाथ ने गत शनिवार को लखनऊ में घायलों से मिलकर उनका हालचाल पूछा और विभागीय अधिकारियों को मामले में मुकदमा दर्ज कराने के लिए निर्देश दिए। समाचार लिखे जाने तक रविवार को मामला दर्ज नहीं किया गया है।
उधर ऊंचाहार के कोतवाली प्रभारी धनंजय सिंह ने बताया कि घटना के दिन ही जीडी में तस्करा दर्ज कर लिया गया था। मामले से संबंधित तहरीर मिलने और उच्चाधिकारियों का निर्देश मिलते ही मामला दर्ज कर लिया जाएगा।