चारबाग रेलवे स्टेशन व लखनऊ जंक्शन पर मुफ्त वाईफाई इस्तेमाल करना नौ लोगों को महंगा पड़ा। बगैर प्लेटफॉर्म टिकट लिए हाईस्पीड के चक्कर में ये लोग प्लेटफॉर्मों तक पहुंच गए, जहां रेलवे प्रशासन ने उन पर करीब ढाई हजार रुपये का जुर्माना ठोंक दिया।
चारबाग रेलवे स्टेशन व लखनऊ जंक्शन पर हाल ही में गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने फ्री वाईफाई की सुविधा का शुभारंभ किया था। रेलटेल व गूगल के सहयोग से यात्रियों को हाईस्पीड वाईफाई मिलती है।
रात में युवाओं का जो जमावड़ा पहले हजरतगंज में फ्री वाईफाई के लिए जुटती थी वह अब स्टेशनों पर उमड़ने लगी है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि रविवार देर रात नौ लोग फ्री वाईफाई के लिए लखनऊ जंक्शन बगैर प्लेटफॉर्म टिकट लिए पहुंच गए। उनसे कुल 2340 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
बता दें कि बगैर प्लेटफॉर्म टिकट लेकर स्टेशन पर प्रवेश करने में ढाई सौ रुपये न्यूनतम जुर्माना लगाया जाता है। वहीं अगर कोई ट्रेन उस वक्त आई हो तो ट्रेन के ओरिजनेटिंग स्टेशन से लेकर फाइनल स्टेशन तक की दूरी का टिकट पेनाल्टी के साथ वसूला जाता है।