11 जनवरी को कोरोना वैक्सीनेशन का फाइनल ड्राई रन होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस ड्राई रन के माध्यम से टीकाकरण कार्य की सभी तैयारियों की गहन समीक्षा के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कोविड-19 टीकाकरण केंद्र सरकार के निर्धारित किए गए क्रम का प्रत्येक दशा में पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को अपने सरकारी आवास पर आयोजित बैठक में कहा कि कोविड-19 वैक्सीनेशन के प्रथम चरण के लक्षित समूह का डाटा फीड हो गया है। इसी तरह दूसरे चरण के लक्षित समूह के डाटा फीडिंग की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि कोविड-19 से बचाव व उपचार की प्रभावी व्यवस्था बनाए रखने के लिए अस्पतालों में दवाएं, मेडिकल उपकरणों, ऑक्सीजन बैकअप, वायरस की टेस्टिंग कार्य को पूरी क्षमता से संचालित किया जाए। सीएम योगी ने कहा कि कोरोना संक्रमण की चेन को तोडने में कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग और सर्विलान्स सिस्टम की महत्वपूर्ण भूमिका है। लोगों को कोविड-19 से बचाव के लिए विभिन्न प्रचार माध्यमों के साथ-साथ पब्लिक एड्रेस सिस्टम का इस्तेमाल किया जाए।
मुख्यमंत्री आरोग्य मेला 10 जनवरी से
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 10 जनवरी से मुख्यमंत्री आरोग्य मेला फिर से शुरू करने की निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी इलाकों के प्राथमिक स्वास्थ्य केद्रों पर होने वाले आरोग्य मेले में लोगों को कोविड-19 से बचाव के बारे में विशेष रूप से जागरूक किया जाए। इस दौरान पात्र व्यक्तियों को आयुष्मान भारत योजना के कार्ड दिए जाएं। उन्होंने मेले के आयोजन के सम्बन्ध में सभी व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिये हैं। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह, मुख्य सचिव आरके तिवारी व अन्य अधिकारी मौजूद थे।
पहले चरण में शामिल 1500 केंद्रों पर होगा पूर्वाभ्यास
प्रदेश में कोरोना टीकाकरण के प्रथम चरण को पुख्ता बनाने के लिए 11 जनवरी को फाइनल ड्राई में वह सभी 1500 केंद्र शामिल होंगे, जहां प्रथम चरण में स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण होना है। पहले चरण में लगभग नौ लाख स्वास्थ्य कर्मियों को टीकाकरण होना है। इसमें सरकारी, निजी, संविदा और ठेका कर्मचारी भी शामिल हैं। टीकाकरण के लिए प्रदेश में निजी सरकारी स्वास्थ्य इकाइयों को मिलाकर कुल 1500 टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं। फाइनल ड्राई रन में प्रत्येक केंद्र की सारी व्यवस्थाओं को देखा जाएगा। जिससे वास्तविक टीकाकरण में कोई खामी न रह जाए।