लखनऊ। जनगणना-2027 का दूसरा चरण सोमवार से शुरू हो जाएगा। इसके तहत घर बैठकर स्वगणना फॉर्म भरा जा सकेगा। इसके लिए वेबसाइट se.census.gov.in पर 30 नवंबर तक का समय मिलेगा। यह सुविधा ऐच्छिक है। स्वगणना फॉर्म न भरने की स्थिति में एक दिसंबर से जनगणनाकर्मी घर-घर पहुंचकर परिवारों का ब्योरा जुटाएंगे।
जिलाधिकारी विशाख जी ने जनगणना की तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कोई भी परिवार और व्यक्ति गणना से छूटने न पाए। इस काम के लिए लखनऊ में करीब 13 हजार कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। स्वगणना के लिए se.census.gov.in पर जाकर सबसे पहले उत्तर प्रदेश और अपनी पसंदीदा भाषा का चयन करना होगा। इसके बाद मोबाइल नंबर दर्ज कर ओटीपी से सत्यापन करना होगा। डिजिटल मानचित्र पर अपने घर की लोकेशन दर्ज करने के बाद परिवार के मुखिया और अन्य सदस्यों का विवरण भरना होगा। फॉर्म जमा होने पर स्वगणना पहचान संख्या (एसईआईडी) मिलेगी। इसे सुरक्षित रखना होगा। एक दिसंबर से प्रगणक घर पहुंचेंगे तो यह पहचान संख्या दिखाकर दर्ज जानकारी का सत्यापन कराना होगा।
देने होंगे 40 सवालों के जवाब
जनगणना के दौरान परिवारों से कुल 40 सवाल पूछे जाएंगे। इनमें परिवार के सदस्यों का नाम, उम्र, लिंग, जन्मतिथि, वैवाहिक स्थिति, परिवार के मुखिया से संबंध, धर्म, मातृभाषा, शिक्षा, रोजगार, आजीविका, जन्मस्थान, वर्तमान निवास, प्रवासन, दिव्यांगता और बैंकिंग सुविधाओं से संबंधित जानकारियां शामिल हैं। इस बार जनगणना की पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संचालित की जा रही है।
कतई साझा न करें ये जानकारी-
जिला प्रशासन ने सभी से अपील की है कि जनगणना के दौरान वे पूरी जानकारी सही-सही उपलब्ध कराएं। इसके साथ ही आगाह भी किया है कि जनगणना कर्मियों के साथ बैंक खाते का पासवर्ड, एटीएम पिन, यूपीआई पिन या ओटीपी कतई साझा न करें।
कार्यक्रम-
ऑनलाइन स्वगणना- 16 से 30 नवंबर 2026
घर-घर जनगणना- 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027
पुनरीक्षण चरण - 5 से 9 जनवरी 2027