किसी भी बिल्डर या कॉलोनाइजर के खिलाफ उप्र भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) में अब घर बैठे ही शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। इसके लिए यूपी रेरा ने बुधवार को मोबाइल एप की शुरूआत की है। यूपी आम लोगों को यह सुविधा देने वाला देश का पहला राज्य बन गया है।
यूपी रेरा के सदस्य बलविंदर कुमार के सुझाव के आधार पर तैयार किए गए इस एप की खास बात यह है कि कहीं पर अपंजीकृत प्रोजेक्ट शुरू होने की शिकायत के साथ ही मौके की फोटो भी अपलोड किया जा सकेगा। इस एप के लॉन्च होने से उन लोगों को सबसे अधिक सहूलियत मिलेगी, जो राजधानी से दूर के शहरों में रहते हैं।
उनको शिकायत दर्ज कराने के लिए अब लखनऊ या नोएडा स्थित रेरा ऑफिस जाने की जरूरत नहीं है। यूपी रेरा के अध्यक्ष राजीव कुमार का कहना है कि मोबाइल एप के शुरू होने से उन प्रोजेक्टों का पता लगाने में आसानी होगी, जिनका पंजीकरण अब तक नहीं कराया गया है और बिल्डर या प्रमोटर अवैध तरीके से लोगों को प्लॉट या फ्लैट का आवंटन कर रहे हैं।