डीजीपी हितेश चंद्र अवस्थी ने फील्ड के अफसरों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी अपराधिक घटना के गवाहों को सुरक्षा मुहैया कराई जाए ताकि वह भयमुक्त होकर अपनी गवाही दे सकें और जनता में भी भयमुक्त वातावरण पैदा हो सके।
डीजीपी ने एक सर्कुलर जारी कर अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आपराधिक घटनाओं में तत्काल घटना स्थल का निरीक्षण किया जाए और साक्ष्य इकठ्ठा कर गुणवता परक विवेचना की जाए ताकि अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा मिल सके। इसके लिए जरूरी वैज्ञानिक तकनीक का प्रयोग करने और विधि विज्ञान प्रयोगशाला की मदद लेने के भी निर्देश डीजीपी ने दिए हैं। उन्होंने पीड़ित को क्षतिपूर्ति के लिए सरकार की ओर से मिलने वाले लाभ में विलंब न होने पाए।
जन शिकायतों के निस्तारण में भी लाई जाए तेजी
डीजीपी ने जन शिकायतों के निस्तारण में भी तेजी लाने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। इसके लिए उन्होंने अभियान चलाने के लिए कहा है। डीजीपी ने यह भी कहा है कि एसएसपी, एसपी, डीआईजी, आईजी स्तर पर जन शिकायतों की साप्ताहिक समीक्षा की जाए। थाना समाधान दिवस पर मिलने वाली शिकायतों का निस्तारण त्वरित रूप से कराने के निर्देश भी डीजीपी ने दिए हैं।