अयोध्या में राम मंदिर परिसर की सुरक्षा दो भागों में बांटकर की जाएगी। दोनों भागों में चार-चार लेयर की सुरक्षा होगी। इसका पूरा खाका तैयार कर डीजीपी मुख्यालय ने शासन को भेज दिया है। शासन से अनुमोदन मिलने के बाद इसके तहत सुरक्षा प्रबंध किए जाएंगे।
सूत्रों के अनुसार फिलहाल सुरक्षा का जो खाका तैयार किया गया है, उसके तहत निर्माणाधीन परिसर के लिए अलग व अस्थाई रूप से विराजमान किए गए रामलला की सुरक्षा के अलग प्रबंध किए गए हैं। दोनों क्षेत्रों को चार-चार जोन में बांटा गया है। इनमें ग्रीन, येलो, रेड व इनर या आइसोलेशन जोन होगा। इनर जोन की सुरक्षा-व्यवस्था सीआईएसएफ के हाथों में है।
मजदूरों का बनेगा पास
मंदिर निर्माण में जो भी मजदूर या कर्मी लगेंगे उन्हें पास जारी किया जाएगा। पास भी अलग-अलग श्रेणी में बनाया जाएगा। निर्माण में लगने वाली सामग्री को मंदिर परिसर में ले जाने के लिए अलग से रास्ता बनाने का भी प्रस्ताव है।