आतंकी गतिविधियों में शामिल यूपी के अलग-अलग जिलों से संदिग्धों के सुरक्षा एजेंसियों के हत्थे चढ़ने से कई सवाल उठ रहे हैं। बीते दिनों भी लखनऊ से दो लोगों को आतंकी गतिविधियों में शामिल होने पर गिरफ्तार किया गया था। ऐसे में प्रदेश में फिर से आतंकवाद के सिर उठाने की आशंका जताई जा रही है।
दो माह पहले यूपी एटीएस ने लखनऊ से अलकायदा के दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया था। संदिग्धों की निशानदेही पर तीन और लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इन लोगों ने बताया था कि वे न सिर्फ यूपी, बल्कि प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में सीरियल ब्लास्ट की तैयारी में थे। वहीं, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने जिस गिरोह का भंडाफोड़ किया है, उसका मॉड्यूल भी लखनऊ में पकड़े गए आतंकियों जैसा बताया जा रहा है। हालांकि दिल्ली पुलिस ने अलकायदा का जिक्र नहीं किया है।
खुरासान मॉड्यूल का यूपी एटीएस ने किया था खात्मा
साल 2017 में यूपी एटीएस ने आईएसआईएस के खुरासान माड्यूल के आतंकी सैफुल्ला को लखनऊ में एनकाउंटर में मार गिराया था। इसके बाद से आतंकी गतिविधियां शांत हो गई थीं। जनवरी 2016 में भी एटीएस ने राजधानी के इंदिरानगर से संदिग्ध आतंकी अलीम को गिरफ्तार किया था। अलीम ने बताया था कि आईएसआईएस के 8 आतंकियों की मदद से दहलाने की साजिश थी। लेकिन एटीएस ने आतंकियों के मंसूबों को समय रहते नाकाम कर दिया था।
इंटर तक पढ़े लाला के जुड़े थे आतंकियों से तार
एटीएस ने रायबरेली में ऊंचाहार के अकौढ़िया निवासी मूलचंद्र उर्फ लाला को आतंकी गतिविधि में लिप्त होने के आरोप में हिरासत में लिया है। ग्रामीणों की मानें तो लाला अक्सर घर से लापता रहता था। बताया जा रहा है कि वह आतंकियों को आरडीएक्स सप्लाई करता था। वैसे तो एटीएस गांव के दो लोगों को उठाकर अपने साथ ले गई थी, लेकिन इसमें से लाला के ही संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त होने के सुबूत मिले हैं। लोगों की मानें तो लाला इंटर तक पढ़ा है। घर में पत्नी के अलावा एक बेटी व एक बेटा है। पत्नी ही घर का खर्च चलाती है। एसपी श्लोक कुमार का कहना है कि एटीएस आई थी और दो लोगों को अपने साथ ले गई थी। इसमें लाला के तार आतंकियों से जुड़े होने की बात सामने आई है। संवाद
एटीएस ने बहराइच से अबु बकर को पकड़ा
आतंकी गतिविधि में पकड़े गए अबु बकर को दाऊद इब्राहिम के भाई अनीस इब्राहिम द्वारा फंडिंग किए जाने की बात सामने आ रही है। लखनऊ-बहराइच हाईवे पर एटीएस ने सोनौली चौराहे स्थित आवास पर चार घंटे छापामारी कर अबू बकर को हिरासत में लिया। मकान में टेंट की दुकान भी चलती है। स्थानीय लोगों के मुताबिक वह साधारण परिवार से है, उसके पिता खेती करके परिवार का पालन-पोषण करते थे। जांच में पाया गया कि आतंकी का पैतृक गांव प्यारेपुर में है। एसपी सुजाता सिंह ने बताया कि एटीएस के आने की जानकारी हुई है। पता चला है कि किसी व्यक्ति को एटीएस अपने साथ लेकर गई है।