लखनऊ के चिनहट इलाके में कलयुगी पिता ने रिश्तों को कलंकित करते हुए नाबालिग बेटी को हवस का शिकार बना डाला। शिकायत करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी।
घरों में चौका-बर्तन करने वाली किशोरी शुक्रवार सुबह एक घर पहुंची और मालकिन को पूरा मामला बताया जिसके बाद पुलिस से शिकायत की गई। आरोपी पिता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस उसकी तलाश में घर पहुंची लेकिन वह भाग निकला।
इंस्पेक्टर प्रदीप यादव ने बताया कि मूलरूप से बाराबंकी निवासी आरोपी यहां झोपड़ी बनाकर परिवार के साथ रहकर कूड़ा बीनने का काम करता है। बृहस्पतिवार को घर पर सिर्फ नाबालिग बेटी थी। वह कक्षा आठ में पढ़ती है और आसपास के घरों में चौका-बर्तन का काम करती है।
रात को उसका पिता शराब के नशे में धुत होकर घर आया। देर रात उसने पास ही सो रही बेटी को दबोच लिया। उसने बेटी से हैवानियत की और मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी दी।