गुडंबा। अलीगंज सेक्टर-एम निवासी बीना यादव ने पड़ोस में रहने वाले पिता-पुत्र पर उनकी स्कूटी में आग लगाने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर विकासनगर पुलिस ने सोमवार को आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
दर्ज एफआईआर के जरिये बीना ने बताया कि पड़ोसी सुमित यादव और उसके पिता सुरेश यादव से उनके पारिवारिक संबंध थे। छह माह पहले उनका दोनों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। तब से दोनों उनसे रंजिश रखते थे। बीना ने बताया कि रविवार रात वह सो रही थीं। तभी उन्हें कुछ शोर सुनाई पड़ा और घर के बाहर तेज रोशनी दिखी। आरोप है कि वह बाहर पहुंची तो देखा कि पिता-पुत्र पेट्रोल छिड़क उनकी स्कूटी में आग लगा रहे थे। उन्होंने आनन-फानन पड़ाेसियों के साथ मिलकर आग बुझाई, मगर तब तक स्कूटी जल चुकी थी। आरोपी भी भाग निकले। इंस्पेक्टर विनोद कुमार तिवारी ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे जा रहे हैं। साक्ष्य संकलित होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।