गोंडा-फैजाबाद मार्ग पर वकील कुआं के पास बुधवार की देर रात सड़क किनारे खड़ी ट्रक में बोलेरो जीप की हुई भिड़ंत में बाप-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बोलेरो चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के दौरान आस-पास के लोगों की सूचना पर पहुंचे डायल 100 के पुलिसकर्मियों ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, हादसे में एक महिला के गर्भ में पल रहे दो बच्चों की भी मौत हो गई।
उधर हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ट्रक को थाने लाकर सीज कर दिया है। मामले में थाना वजीरगंज में ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
थाना वजीरगंज क्षेत्र के साहिबापुर गांव के रहने वाले सूर्यनारायण सिंह अपनी गर्भवती बेटी सीमा का इलाज कराने के लिए बहू इंद्रा सिंह के साथ बुधवार की रात बोलेरो जीप से मुख्यालय स्थित एक नर्सिंग होम में गए थे। वहां इलाज कराने के बाद वह सभी देर रात घर लौट रहे थे।
गोंडा-फैजाबाद मार्ग पर थाना वजीरगंज क्षेत्र के वकील कुआं के पास सड़क के किनारे मौरंग उतार रहे एक ट्रक से बोलेरो की भिड़ंत हो गई। भिड़ंत में बोलेरो में सवार सूर्यनारायण सिंह (55) उनकी गर्भवती बेटी सीमा सिंह (25) की मौके पर ही मौत हो गई।