लखनऊ। काकोरी के जालियामऊ में रविवार को किसानों की महापंचायत हुई। इसमें एलडीए की वरुण विहार योजना के तहत अधिग्रहित की जा रही भूमि का मुआवजा 1.25 प्रति बीघा दिलाने की मांग की गई। पंचायत में क्षेत्र के करीब 12 गांवों के दो हजार से अधिक किसान शामिल हुए।
ग्रामीणों का कहना है कि विकास योजनाओं के नाम पर उनकी जमीन ली जा रही है, लेकिन बदले में उन्हें उचित मूल्य नहीं मिल रहा। इससे उनकी आजीविका पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। महापंचायत में पूर्व सांसद कौशल किशोर, पूर्व ब्लाॅक प्रमुख रामविलास रावत, सरोजनीनगर विधायक प्रतिनिधि अखिलेश सिंह के साथ कई स्थानीय नेता भी मौजूद रहे। उन्होंने किसानों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि 12 गांवों के किसानों को बिना किसी भेदभाव के समान रूप से 1.25 करोड़ रुपये प्रति बीघा मुआवजा मिलना चाहिए। किसानों ने कहा कि वे विकास कार्यों के विरोधी नहीं हैं, लेकिन अपनी भूमि का न्यायपूर्ण मूल्य चाहते हैं। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कई थानों की पुलिस फोर्स भी तैनात रही।
महापंचायत करते किसान।