मलिहाबाद। माल के मवई खुर्द गांव में मंगलवार रात दो हजार रुपये के लिए किसान रामकेशन (55) और उनके बेटे दशरथ का मोबाइल दुकानदार गुलफाम से विवाद हो गया। गुलफाम ने पांच साथियों को बुलाकर रामकेशन व दशरथ को जमकर पीटा। घायल पिता-पुत्र को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां रामकेशन की मौत हो गई। पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर सभी को हिरासत में ले लिया है।
रामकेशन के बेटे जसकरन ने बताया कि दो माह पहले बड़े भाई दशरथ ने एक मोबाइल सही करने के लिए गांव के ही पड़ोस में रहने वाले गुलफाम को दिया था। साथ में दो हजार रुपये भी दिए थे। वह न मोबाइल ठीक कर रहा था न लौटा रहा था। दशरथ जब भी गुलफाम से मोबाइल व पैसे मांगते तो वह आनाकानी करता। इसके लिए दोनों में कई बार बहस हो चुकी थी। मंगलवार शाम को दशरथ ने गुलफाम से फिर तगादा किया था। इस पर रात को गुलफाम ने साथियों शानू, चुन्नी, मुनव्वर, गुटकी, आसिफ के साथ मिलकर दशरथ को पीटना शुरू कर दिया। पिता रामकेशन बेटे की मदद के लिए पहुंचे तो आरोपियों ने उनको भी बेरहमी से पीट दिया।
लोगों को आता देख भाग निकले आरोपी
दशरथ व रामकेशन ने मदद के लिए शोर मचाया तो ग्रामीण मदद के लिए दौड़ पड़े। लोगों को आता देख सभी आरोपी धमकी देते हुए भाग निकले। सूचना पाकर माल पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। परिजनों ने पुलिस की मदद से दशरथ व रामकेशन को सीएचसी माल में भर्ती कराया, जहां से दोनों को ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया। ट्राॅमा में रामकेशन की मौत हो गई, जबकि दशरथ को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। रामकेशन के परिवार में पत्नी और तीन बेटे हैं।
परिजनों में गुस्सा, गांव में पुलिस तैनात
किसान रामकेशन की हत्या से परिजनों व गांव के लोगों में काफी आक्रोश है। कार्रवाई की मांग को लेकर घरवालों की माल पुलिस से तीखी नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने जसकरन की तहरीर पर सभी छह आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। इंस्पेक्टर माल नवाब अहमद ने बताया कि सभी को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण पता चल सकेगा। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।