मो. आसिफ
- फोटो : amar ujala
माल कस्बा से 20 दिन पहले लापता 21 वर्षीय मो. आसिफ के फोन ने पूरे परिवार की नींद उड़ा दी है। आसिफ ने अपनी मां को फोन किया-मैं अल्लाह के रास्ते पर जा रहा हूं। यही बात उसने अपने दोस्त से भी कही। फोन आने के बाद परिवार थाने पहुंच गया।
आसिफ के अपहरण का केस दर्ज कराया। परिवार को शक है कि उसे किसी ने गुमराह कर दिया है। वह गलत रास्ते पर जा सकता है। बहरहाल उसका फोन स्विच ऑफ है। पुलिस उससे संपर्क करने की कोशिश कर रही है।
इंस्पेक्टर वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि आसिफ के पिता मो. हामिद की कस्बा में जूते की दुकान है। इंस्पेक्टर के मुताबिक आसिफ 19 मार्च की शाम गायब हो गया। उसका पासपोर्ट, डीएल और अहम दस्तावेज भी गायब हैं। 22 मार्च की दोपहर करीब तीन बजे आसिफ ने मां शाहीन को फोन किया। उन्होंने बेटे से पूछताछ की तो वह बोला-अल्लाह के रास्ते पर जा रहा है और फोन काट दिया।
इसके बाद उसने मोबाइल स्विच ऑफ कर दिया। आसिफ के दोस्त गुफरान ने भी उसे फोन किया लेकिन मोबाइल बंद होने के चलते बात नहीं हो सकी। 23 मार्च को गुफरान के फोन पर आसिफ का मोबाइल ऑन होने का मैसेज आया। उसने कॉल की तो आसिफ ने वही बात दोहराई। इस बीच आसिफ का कुछ पता न लगने पर सात अप्रैल को परिवारीजन माल थाना पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी।