इस तरह का किस्सा शायद ही आपने पहले सुना होगा। मगर, यूपी की राजधानी लखनऊ में एक बड़ा रोचक किस्सा हुआ। झगड़ा करने के बाद गुस्से में घर छोड़कर गये युवक को तलाशते हुये मॉर्च्युरी पहुंचे परिवारवालों ने किसी दूसरे युवक के शव की अपने भाई के रूप में शिनाख्त कर ली।
पुलिस ने भी आनन-फानन में शव को उनके सुपुर्द कर दिया। परिवारवालों ने अंतिम संस्कार भी कर दिया। शोक में डूबे परिवारवालों के चेहरों पर मंगलवार को उस समय खुशी की लहर दौड़ गई, जब युवक जिंदा घर लौट गया।
पहले तो परिवारवालों को अपनी आंखों पर ही विश्वास नहीं हुआ लेकिन बाद में मिठाइयां-बांटने और बधाई देने का दौर चल निकला। अब पुलिस इस पसोपेश में है कि जिस युवक को अपना भाई बताकर उन्होंने शिनाख्त की और अंतिम संस्कार भी कर डाला, वहा कौन था।