राजाजीपुरम का इलाका सील होने से पसरा सन्नाटा
- फोटो : amar ujala
हर तरफ पसरा सन्नाटा और सूनी सड़कें। पार्क में छोटे बच्चों की उछलकूद और क्रिकेट से होने वाला शोरगुल भी बंद है। मंदिर में पूजा के लिए घंटी नहीं बजती। घरों के बाहर की रौनक गायब है। अक्सर शाम को बैठकी लगाने वालीं महिलाएं घरों में ही समय बिता रहीं। कई दरवाजे तो ऐसे लगते हैं जैसे कि खुलते ही नहीं।
लखनऊ में राजाजीपुरम के सी ब्लॉक स्थित मिनी एलआईजी कॉलोनी में एक घर में कोरोना का मामला सामने आने के बाद 21 जून से शिव संकट मोचन पार्क के निकट का पूरा इलाका सील कर दिया गया है। करीब 37 घर इसकी जद में हैं। संक्रमण को लेकर दहशत है और स्थानीय निवासी एक-दूसरे से पूछ रहे हैं कि कब तक रहेगा यह कोरोना।