लखनऊ। पुलिस कमिश्नर लखनऊ की ऑफिशियल ई मेल आईडी पर एक फर्जी मेल आया है। इसमें चाइल्ड पोर्नोग्राफी के संबंध में कोर्ट ऑर्डर की फर्जी कॉपी लगाकर जवाब मांगा गया। जेसीपी अपराध ने आईपी एड्रेस ट्रेस करने व जांच के आदेश दिए हैं।
साइबर क्राइम थाने में तैनात दरोगा गुलाम हुसैन के मुताबिक, बीती सात मई को शाम छह बजे पुलिस आयुक्त एसबी शिरडकर की ऑफिशियल ई मेल (cp-pol.luup.gov.in) पर indiancybercrimeunitgmail.com से एक मेल आया था। इसमें चाइल्ड पोर्नोग्राफी और महिला संबंधी अपराध के मामले में 24 घंटे में स्पष्टीकरण मांगा गया था, जिसमें फर्जी कोर्ट आर्डर भी अपलोड किया था। यही नहीं, सीबीआई की मुहर भी लगी थी। अभी तक की जांच में साइबर जालसाजों की तरफ से ई-मेल भेजे जाने की बात सामने आई है।