लखनऊ। बख्शी का तालाब निवासी सराफ सारिका राजपूत को दो युवक नकली सोने की अंगूठी व चेन बेचकर नकदी व असली सोने के जेवर ले गए। उन्होंने थाने में एफआईआर कराई है।
बख्शी का तालाब के नबीकोटा नंदना सारिका की कोटवा रोड पर रुद्राक्ष ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। उनके मुताबिक पांच दिसंबर की दोपहर पहुंचे शिवम सक्सेना नाम के युवक ने नकली सोने की अंगूठी को असली बताकर बेचने के लिए दी। सारिका ने भी उसे सोने की समझकर 14 हजार रुपये में खरीद लिया। दो घंटे बाद दुकान पर आए अमन सिंह नाम के युवक ने सारिका को सोने की चेन बेचने की बात कही। उसने नकली चेन सारिका को थमा दी और बदले में दो अंगूठी, एक जोड़ी झाला, लॉकेट (कीमत 70 हजार रुपये) और दो हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए।
सारिका ने खरीदी गई अंगूठी व चेन की बाद में जांच कराई तो दोनों नकली निकले। अगले दिन पुलिस से शिकायत की, पर कुछ न हुआ। डेढ़ माह तक टरकाने के बाद बुधवार को पुलिस ने धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज की। इंस्पेक्टर संजय सिंह ने बताया कि सर्विलांस से आरोपियों की जानकारी जुटाई जा रही है।