लखनऊ में चारबाग बस अड्डा के पास चेकिंग के बहाने यात्रियों की तलाशी के साथ वसूली कर रहे क्राइम ब्रांच के नकली दरोगा और दो सिपाहियों को नाका पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किया। तीनों ने एसटीएफ की टीम बताकर पुलिसकर्मियों को भी अर्दब में लेने की कोशिश की। इसके बाद एक न्यूज चैनल का पत्रकार बताकर रिहाई की गुहार लगाई।
गहन पूछताछ में ठगी की वारदात कुबूलीं। इनका शिकार बनीं दो महिलाओं ने थाने पहुंचकर बदमाशों की पहचान की। प्रभारी निरीक्षक परशुराम सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने बस अड्डे के पास क्राइम ब्रांच के दरोगा व सिपाही बनकर यात्रियों की तलाशी लेकर वसूली कर रहे बदमाशों को पकड़ा।
इनकी पहचान मानकनगर के नंदननगर नथखेड़ा निवासी चेतन शर्मा, कृष्णानगर के न्यू सरदारी खेड़ा निवासी सुमित कुमार सोनकर और रामनगर आलमबाग के सरफराज के रूप में हुई। पुलिस के घेराबंदी करने पर तीनों ने खुद को एसटीएफ की टीम बताया, लेकिन परिचयपत्र नहीं दिखा सके।
हिरासत में लिए जाने पर चेतन शर्मा ने एक न्यूज चैनल का पत्रकार बताकर भी रिहाई का प्रयास किया। पानदरीबा चौकी प्रभारी वैभव कुमार सिंह, आरक्षी नवीन सिंह गौर, सुनील नायक, अजीजुल हसन, अभिषेक यादव और मोहित सोनी की टीम से नत्था तिराहे पर घेराबंदी कर वाहनों की चेकिंग करा रहे थे।
पुलिसकर्मी बनकर ठगी के अनेक मामले
नाका पुलिस की गिरफ्त में बदमाश
- फोटो : amarujala
इस बीच जालौन के पिपरी अठगइया सिरसा कलार निवासी तेजस्वी पाठक नामक व्यक्ति ने कुछ दूर स्थित बस अड्डे के सामने क्राइम ब्रांच की टीम द्वारा तलाशी के नाम पर आठ सौ रुपये छीन लेेने की शिकायत की।कहा, किराये तक के पैसे नहीं बचे हैं। इस पर चौकी प्रभारी उसे साथ लेकर चारबाग बस अड्डा पहुंचे। यात्रियों की तलाशी लेने वाली टीम की अगुवाई कर रहे चेतन शर्मा ने एसटीएफ का नाम लेकर उन्हें वापस जाने को कहा।
गतिविधियां संदिग्ध नजर आने पर चौकी प्रभारी ने टीम की मदद से तीनों को पकड़ लिया। इनसे तीन बाइक, छह मोबाइल और तेजस्वी पाठक से छीने आठ सौ रुपये बरामद हुए। अपर पुलिस अधीक्षक नगर पश्चिम विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि ठगी के आरोप में गिरफ्तार चेतन शर्मा ने केकेसी से एलएलबी की पढ़ाई की और अब एलएलएम की तैयारी कर रहा था।
सुमित सोनकर की परचून की दुकान है और सरफराज हजरतगंज में आभूषण के शोरूम पर नौकरी करता था। तीनों की गिरफ्तारी की सभी थानों को सूचना दी गई। चेकिंग के नाम पर ठगी का शिकार बनीं दो महिलाओं ने नाका कोतवाली पहुंचकर बदमाशों की पहचान की। बताया कि बदमाशों ने एक महिला से लूट का झांसा देकर उनके गहने उड़ा लिए थे।
प्रभारी निरीक्षक परशुराम सिंह ने बताया कि शहर के विभिन्न स्थानों पर महिलाओं व बुजुर्गों को चेकिंग या लूट का खौफ दिखाकर गहने व नकदी उड़ाने की अनेक वारदात हुई हैं। हत्थे चढ़े बदमाशों के फोटो सभी थानों को भेजे गए हैं। ठगी का शिकार बने लोगों की ओर से बदमाशों की पहचान करने पर संबंधित मुकदमों में कार्रवाई होगी।