बांग्लादेशी आतंकी अब्दुल्लाह का साथी फैजान यूपी में आईएस के लिए जमीन तैयार कर रहा था। देवबंद के जिस कमरे में फैजान रह रहा था, वहां से एटीएस को बांग्ला व उर्दू भाषा में जेहादी साहित्य मिले हैं।
इसमें आईएसआईएस प्रमुख अबू बकर बगदादी का घोषणापत्र, आईएस की स्थापना, बम बनाने व आतंकी जफर मसूद और अल कायदा इन इंडियन सब कांटिनेंट के प्रमुख मौलाना आसिम उमर की किताब प्रमुख है।
इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि फैजान के मंसूबे कितने खतरनाक थे। फिलहाल फैजान की गिरफ्तारी के लिए एटीएस की कई टीमें लगाई गई हैं। इसमें पुलिस की मदद ली जा रही है।
इधर, मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार आतंकी अब्दुल्लाह को मंगलवार को विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। उसे रिमांड पर लेने की तैयारी है। इसके लिए एटीएस की टीम उसे लखनऊ लेकर आ रही है।
एटीएस के आईजी असीम अरुण ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि अब्दुल्लाह ने असोम के बनगाई गांव से वोटर आईडी बनवाया था। लिहाजा इसकी जांच असोम पुलिस की मदद ली जा रही है। वहीं, हाल ही अब्दुल्लाह के सहारनपुर के पते से पासपोर्ट बनवाने की जांच एटीएस यूपी पुलिस के साथ मिलकर रही है।
यह है फैजान का हुलिया, जल्द जारी होगा स्केच
एटीएस ने फरार आतंकी फैजान का हुलिया जारी किया है। जल्द ही उसका स्केच भी जारी किया जाएगा। एटीएस के आईजी के मुताबिक फैजान की लंबाई 5 फिट 9-10 इंच है, चेहरा पतला, नाक थोड़ी लंबी, रंग हल्का सांवला, उम्र 24 से 25 वर्ष, काली घनी दाढ़ी, मूछ नहीं, पहनावा कुर्ता पायजामा है। वह बांग्ला या असमिया भाषा बोलता है।
हिरासत में लिए पांच युवकों छोड़े गए, नहीं मिले सुबूत
आईजी एटीएस ने बताया कि पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए अन्य पांचों युवकों को छोड़ दिया गया है। इनमें से किसी की अपराध में कोई सहभागिता नहीं मिली। हालांकि इन लोगों से फैजान की गतिविधियों के बारे में जानकारी ली गई है।