लखनऊ। चारबाग स्थित मजार दर्शन करने आए उन्नाव के हसनगंज अलिपारपुर मटरिया निवासी किसान रईस से बृहस्पतिवार को क्राइम ब्रांच का दरोगा बताकर हुसैैनगंज पुराना बर्फखाना निवासी अर्जुन कुमार ने ढाई हजार रुपये ऐंठ लिए। आरोपी रईस से और रुपये लेने के लिए उन्हें साथ लेकर उन्नाव जाने लगा। रास्ते में काकोरी के घुरघुरी तालाब के पास रईस ने परिचित की मदद से आरोपी को पकड़ लिया और नाका पुलिस के हवाले कर दिया।
डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि मजार पर उन्हें महिला मिली और वे उससे बातचीत करने लगे। इसी दौरान अर्जुन कुमार ने खुद को क्राइम ब्रांच का दरोगा बताया। उसने उन पर गलत काम करने का झूठा आरोप लगाकर जेल भेजने की धमकी दी। आरोपी ने पुलिस केस से बचने के लिए रईस से पचास हजार रुपये मांगे। रईस ने असमर्थता जताते हुए ढाई हजार रुपये होने की बात कही। आरोपी ने रईस से ढाई हजार रुपये छीन लिए।
परिचित को देखते ही मचाया शोर
रुपये ऐंठने के बाद आरोपी ने रईस को गांव चलकर और रुपये देने को कहा। डर के चलते रईस आरोपी को अपनी बाइक पर बैठाकर उन्नाव की ओर चल दिए। काकोरी के घुरघुरी तालाब के पास रईस को एक परिचित दिखा। उन्होंने शोर मचाकर मदद मांगी। इसके बाद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। डीसीपी के अनुसार नाका थाने में रिपोर्ट दर्ज कर अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया गया है।