लखनऊ। केजीएमयू के मानसिक स्वास्थ्य विभाग के अध्यक्ष डॉ. विवेक अग्रवाल के मुताबिक इंटरनेट और मोबाइल का ज्यादा इस्तेमाल बच्चों को मानसिक रोगी बना रहा है। डॉ. विवेक अग्रवाल शुक्रवार को विभाग में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में बोल रहे थे।
डॉ. विवेक अग्रवाल के मुताबिक पांच साल से कम उम्र के बच्चों में मोबाइल देखने की लत ज्यादा गंभीर है। इससे उनका मानसिक विकास प्रभावित होता है। उन्हें बोलने में परेशानी के साथ अपनी उम्र के बच्चों से घुलने-मिलने में भी परेशानी हो सकती है।
बच्चे बिना मोबाइल के भोजन नहीं करते हैं। पढ़ाई पर भी इसका असर पड़ता है। उग्र होना, मारपीट व तोड़-फोड़ और बातें नजरअंदाज करना भी मोबाइल के अधिक इस्तेमाल की वजह हो सकती है। थोड़ी बड़ी उम्र के बच्चे मोबाइल पर ऑनलाइन गेम खेलने के साथ पॉर्न फिल्म के भी लती हो सकते हैं। इंटरनेट पर पढ़ने की लत भी लग सकती है। चिकित्सा विज्ञान में इसे साइबर कॉड्रिया कहते हैं।