अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने समूह ‘ग’ के तहत लिपिक व आशुलिपिक भर्ती के लिए लिखित परीक्षा कार्यक्रम तय कर दिया है। लिपिक भर्ती की परीक्षा 31 मई को और आशुलिपिक की 7 जून को होगी।
लिपिक भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन का काम पूरा हो गया है। इसके लिए करीब चार लाख आवेदन आए हैं जबकि आशुलिपिक के आवेदन चल रहे हैं। आयोग ने पिछले दिनों 24 विभागों में लिपिक के रिक्त 3467 पदों के लिए विज्ञापन निकाला था।
23 मार्च को आवेदन की अंतिम तिथि बीत चुकी है। आयोग ने आवेदकों की परीक्षा के लिए प्रदेश के 25 जिलों में परीक्षा केंद्र बनाने का फैसला किया है। परीक्षा में बहुविकल्पीय सवाल पूछे जाएंगे। लिखित परीक्षा 40 नंबर की होगी।
31 मई को होने वाली इस परीक्षा के लिए एक घंटे का समय निर्धारित किया गया है। वहीं विभिन्न विभागों के 635 आशुलिपिक पदों के लिए अभी ऑनलाइन आवेदन किए जा रहे हैं। इन पदों के लिए लिखित परीक्षा की तिथि सात जून निर्धारित की गई है।