गोंडा जिले के निवासी पूर्व राज्यमंत्री के पौत्र को पुलिस ने भिटरिया चौराहे पर स्थित एक रेस्टोरेंट से अवैध असलहा व कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस को आशंका है कि युवक द्वारा अवैध असलहों की तस्करी व अन्य आपराधिक वारदातें की जाती हैं। पुलिस पकड़े गए युवक से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों के बारे में पता लगाने की बात कह रही है।
रामसनेहीघाट पुलिस ने मंगलवार दोपहर भिटरिया स्थित एक रेस्टोरेंट से मुखबिर की सूचना पर छापा मारकर वहां पर चाय-नाश्ता कर रहे करनपुर बभनान थाना छपिया जिला गोंडा निवासी सोनू उर्फ अजित पांडेय पुत्र विनोद पांडेय को पकड़ लिया। पुलिस द्वारा ली गई तलाशी में सोनू के पैंट के पीछे कमर में लगी एक पिस्टल बरामद हुई।
पुलिस ने जब पिस्टल का लाइसेंस मांगा तो उसके पास मौजूद नहीं मिला। पुलिस पकड़े गये युवक से पूछताछ कर रही है। कोतवाली प्रभारी राजीवकुमार सिंह ने बताया कि पकड़ा गया युवक बस्ती जनपद के पूर्व राज्यमंत्री रहे स्व. सुखलाल पांडेय का सगा पौत्र है। कहा युवक अपराधी किस्म का लग रहा है और उसके पास असलहा मिलने से यह साफ है कि वह असलहों की तस्करी का काम भी करता होगा। पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।