पूर्व लांस नायक सुरेंद्र कुमार पटेल की फाइल फोटो।
लखनऊ। सेमिनार में भाग लेने आए सेना के पूर्व लांस नायक सुरेंद्र कुमार पटेल (40) का शव रविवार सुबह मड़ियांव ककौली स्थित होटल के कमरे में मिला। परिजनों ने फिलहाल कोई आरोप नहीं लगाया है।
मूलरूप से प्रयागराज के सल्लाहपुर निवासी सुरेंद्र कुमार पटेल ने 2020 में सेना से वीआरएस ले लिया था। वह आयुर्वेदिक कंपनी में नौकरी कर रहे थे। साथी विनय ने बताया कि शनिवार को आयुर्वेद कंपनी का सेमिनार मड़ियांव के ककौली स्थित होटल में था। सुरेंद्र उसमें शामिल होने के लिए आए थे। रविवार सुबह जब उन्होंने सुरेंद्र कुमार को जगाया तो वह नहीं उठे। कई बार हिलाने-डुलाने पर भी शरीर में कोई हरकत नहीं हुई। विनय ने होटल के मैनेजर को फौरन इसकी जानकारी दी। होटल वालों ने डॉक्टर को बुलया। डॉक्टर ने जब सुरेंद्र कुमार पटेल देखा तो पता चला कि उनकी मौत हो चुकी है। खबर पाकर सुरेंद्र के परिजन भी लखनऊ पहुंच गए।
इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्र ने बताया कि परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने पर मौत की सही वजह पता चल सकेगी और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सुरेंद्र के परिवार में पत्नी सुशीला देवी और दो बच्चे हैं।