फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lucknow News: उद्योग बंधु बैठक में समस्याओं को लेकर उद्यमियों ने प्रशासन को घेरा

विज्ञापन
बैठक में मौजूद व्यापारी।
विज्ञापन
लखनऊ। शहर के औद्योगिक क्षेत्रों में वर्षों से चली आ रही बुनियादी समस्याएं मंगलवार को जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक में एक बार फिर जोरदार ढंग से उठीं। अमौसी, नादरगंज, सरोजनीनगर और तालकटोरा औद्योगिक क्षेत्रों के उद्यमियों ने जलभराव, बदहाल सड़कों, बिजली संबंधी कार्यों में देरी और लंबित प्रकरणों को लेकर प्रशासन के सामने अपनी पीड़ा रखी। जिलाधिकारी विशाख जी की अध्यक्षता में हुई बैठक में अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान की प्रगति बताई, वहीं जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को तय समय सीमा में कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए।
विज्ञापन


अमौसी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के चेयरमैन रजत मेहरा ने अमौसी, नादरगंज और सरोजनीनगर औद्योगिक क्षेत्रों में जलनिकासी और अन्य आधारभूत सुविधाओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। बैठक में निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित 40 प्रकरणों की समीक्षा भी की गई। कुछ मामलों का निस्तारण यूपीसीडा, विद्युत विभाग और एलडीए द्वारा किए जाने की जानकारी दी गई। यूपीसीडा के अधिकारियों ने बताया कि निर्माण के लिए तैयार एस्टीमेट मुख्यालय भेज दिया गया है और स्वीकृति मिलते ही काम शुरू कराया जाएगा। जलभराव की स्थायी समस्या के समाधान के लिए नगर निगम, यूपीसीडा और एनएचएआई के संयुक्त निरीक्षण के बाद शासन को प्रस्ताव भेजने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। अमौसी औद्योगिक क्षेत्र स्थित डीवीके प्लास्टिक प्रोडक्ट्स के आसपास जलभराव को लेकर नगर निगम ने बताया कि मशीनों के माध्यम से लगातार पानी निकाला जा रहा है।
राजकीय औद्योगिक आस्थान तालकटोरा में निर्माणाधीन सड़क को लेकर उद्यमियों की आपत्तियों पर भी चर्चा हुई। इस मामले में मुख्य विकास अधिकारी स्तर पर गठित समिति से दोबारा सर्वे कराकर समाधान निकालने की बात कही गई। वहीं निवेश सारथी पोर्टल पर निवेशकों के लंबित मामलों के निस्तारण की प्रगति से भी समिति को अवगत कराया गया।
विज्ञापन


उद्योग बंधु समिति की बैठक के बाद डिस्ट्रिक्ट एक्सपोर्ट हब की बैठक भी आयोजित हुई। इसमें जिले के निर्यात की वर्तमान स्थिति, उत्तर प्रदेश निर्यात नीति 2025-30, डिस्ट्रिक्ट एक्सपोर्ट एक्शन प्लान और यूपीआईटीएस 4.0 के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ, एडीएम प्रशासन, उपायुक्त उद्योग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के चेयरमैन विकास खन्ना, तालकटोरा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के चेयरमैन यूनुस सिद्दीकी, प्रोविंशियल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के चेयरमैन दिनेश गोस्वामी अजय गुप्ता, अपार गुप्ता व वैभव अग्रवाल समेत कई उद्यमी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें