एक सेट टॉप बाक्स से पूरे होटल और रेस्टारेंट में केबल प्रसारण करने वाले संचालकों पर मनोरंजन कर विभाग ने शिकंजा कसा है। विभागीय सर्वे के बाद जिला मनोरंजन कर इकाई अब शहर में संचालित 180 छोटे-बड़े होटलों से 47.60 लाख रुपये इंटरटेनमेंट टैक्स वसूलेगी।
कार्रवाई के घेरे में पर्यटन विभाग के गोमती होटल के साथ चरन होटल, कपूर, गैलेक्सी, मोनॉर्क इन, रामकृष्ण, एलोरा, सिटी होटल और कई अन्य होटल व रेस्टोरेंट शामिल हैं। इन सभी होटलों और रेस्टोरेंट संचालकों को नोटिस भेजकर बकाया मनोरंजन कर अदा करने के लिए तीन दिन का अल्टीमेटम दिया गया है।
मनोरंजन कर विभाग के उपायुक्त सीपी सिंह ने बताया कि सर्वे में होटल और रेस्टोरेंट में केबिल प्रसारण से जुड़े कुल टीवी सेटों का आकलन किया गया। फिर वर्ष 2013 से मनोरंजन कर की गणना की गई।
इसके बाद इन होटलों और रेस्टोरेंट संचालकों को बकाया मनोरंजन कर के 47.60 लाख रुपये जमा करने का निर्देश दिया गया है। तय मियाद में बकाया टैक्स जमा कर प्रमाण पेश नहीं करने वाले संचालकों के खिलाफ आरसी जारी कर वसूली कराई जाएगी।