लखनऊ में विकासनगर सेक्टर तीन में बुधवार सुबह एक रिटायर्ड आईएएस अफसर के इंजीनियर बेटे ने लाइसेंस रिवाल्वर से गोली मारकर खुदकुशी कर ली। गोली की चलने की आवाज सुनकर जब परिजन बाथरूम में पहुंचे तो वहां पर खून से लथपथ शव पड़ा मिला।
बिखरता परिवार, टूटता पति-पत्नी का रिश्ता और नौकरी जाने का गम बना पीयूष द्विवेदी के खुदकुशी करने की वजह। ये सभी पहलू पुलिस की जांच में सामने आए हैं। फिलहाल पीयूष के पिता ने अब तक कोई तहरीर नहीं दी है, लेकिन पुलिस अपने स्तर से तफ्तीश कर रही है। अगर किसी तरह के सुबूत मिलते हैं तो पुलिस कार्रवाई करेगी।
विज्ञापन
विकासनगर सेक्टर तीन निवासी रिटायर्ड आईएएस प्रेम नारायण द्विवेदी के इकलौते बेटे पीयूष द्विवेदी (41) ने बुधवार सुबह घर के बाथरूम में खुद को लाइसेंसी रिवाॅल्वर से गोली मारकर खुदकुशी कर ली थी। कोई
सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ था।
डीसीपी नॉर्थ एसएम कासिम आब्दी ने बताया कि जांच में अब तक जो तथ्य सामने आए हैं, उसमें पता चला कि पीयूष भी फ्रांस में इंजीनियर थे। नौकरी छूटने के बाद वह लखनऊ आ गए थे। वह व उनकी पत्नी स्वाति अलग-अलग रह रहे थे।
विज्ञापन
बेटियां भी पत्नी के साथ ही रहती हैं। आशंका है कि पीयूष इसलिए तनावग्रस्त थे कि पत्नी से रिश्ता खत्म हो रहा है। बेटियां भी साथ में नहीं है। नौकरी भी चली गई है। इसी डिप्रेशन में आकर खुदकुशी कर ली।
Trending Videos
छह महीने पहले पत्नी ने व्हाट्सएप स्टेटस पर लिखा था...सिंगल
पुलिस के मुताबिक पीयूष की पत्नी ने व्हाट्सएप स्टेटस पर सिंगल लिखा था। जांच में पता चला कि ये स्टेटस छह महीने पहले लगाया गया था। इससे ये अंदाजा लगाया जा रहा है कि पीयूष की पत्नी खुद को पति से अलग मान चुकी थीं। हालांकि असल बात तभी सामने आएगी जब वह खुद इस बारे में स्पष्ट करें। जानकारी के मुताबिक, प्रेम नारायण ने घटना के बार में स्वाति को जानकारी दे दी है।
सदमे में पिता बोले....बेटे की खामोशी मुझे जीवन भर का जख्म दे गई
बेटे पीयूष के खुदकुशी करने के बाद से प्रेम नारायण सदमे में हैं। यही वजह है कि वह ज्यादा बातचीत नहीं कर पाए। हालांकि नम आंखों व रूंधे गले से बोले, मुझे तो यकीन नहीं हो रहा कि मेरा इकलौता बेटा नहीं रहा। सब कुछ खत्म हो गया। बेटे की खामोशी मुझे जीवन भर का जख्म दे गई।
उनका कहना था कि बेटे के मन के भीतर क्या चल रहा था, उनको नहीं पता था। अगर वो कभी दिल की बात बताता तो शायद डिप्रेशन से मुक्त करवाने की कोशिश करते। प्रेम नारायण ने कहा कि पीयूष कभी कोई बात नहीं बताता था। न अधिक बातचीत करता था।
मोबाइल व लैपटॉप पुलिस ने कब्जे में लिया
पुलिस ने पीयूष का मोबाइल व लैपटॉप कब्जे में लिया है। इसकी जांच की जा रही है। पुलिस अफसरों का कहना है कि जांच कर पता किया जा रहा है कि खुदकुशी के पीछे कोई जिम्मेदार है या फिर पीयूष ने तनावग्रस्त होकर ये कदम उठाया। अगर किसी के खिलाफ कोई साक्ष्य सामने आता है तो उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
आपको बता दें कि लखनऊ में विकासनगर सेक्टर तीन में बुधवार सुबह एक रिटायर्ड आईएएस अफसर के इंजीनियर बेटे ने लाइसेंस रिवाल्वर से गोली मारकर खुदकुशी कर ली। गोली की चलने की आवाज सुनकर जब परिजन बाथरूम में पहुंचे तो वहां पर खून से लथपथ शव पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की शुरुआती जांच में पारिवारिक तनाव की वजह से खुदकुशी करने की बात सामने आ रही है।