स्मार्ट मीटर को लेकर आ रही शिकायतों को देखते हुए अधिकारियों को सभी स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं से व्यक्तिगत रूप से फीडबैक लेने को कहा गया है। सोमवार को ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को एक महीने में सभी स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं से संपर्क कर उनसे फीडबैक लेकर समस्याओं को दूर कराने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने पावर कॉर्पोरेशन के साथ ही विद्युत वितरण कंपनियों के प्रबंध निदेशकों को भी अपने स्तर से इसकी नियमित समीक्षा करने को कहा है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की संतुष्टि जरूरी है। उन्होंने बिलिंग की शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई न होने पर नाराजगी जताते हुए शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि उपभोक्ता को समय पर सही बिल मिले।
गलत बिलिंग के मामलों में संबंधित बिलिंग एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि उपकेंद्र के स्टॉफ के साथ बिजली कंपनी के प्रबंध निदेशक, निदेशक व अन्य अभियंता भी फीडरों की पेट्रोलिंग करें। इस दौरान वे स्थानीय स्तर पर उपभोक्ताओं से संवाद भी करें। उनकी समस्याओं को सुनकर उनका निस्तारण सुनिश्चित कराएं और सस्ती व निर्बाध बिजली के लिए नियमित बिल भुगतान के लिए प्रेरित करें।