इनामी बदमाश के मारे जाने के बाद घटना के संबंध में जानकरी देते सीतापुर एसपी आनंद कुलकर्णी
- फोटो : amar ujala
सीतापुर जिले में शुक्रवार रात पुलिस और बदमाशों की मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने एक लाख के इनामी बदमाश शरीफ बंजारा को मार गिराया, जबकि दो बदमाश भाग निकले। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोली से एक इंसपेक्टर व दो सिपाही भी जख्मी हुए हैं। उनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
सीतापुर एसपी एसपी आनंद कुलकर्णी ने बताया कि हमें शुक्रवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि डकैतों का एक गैंग जिले में किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। वे रामकोट थाना क्षेत्र के गौरा गांव तिराहे की ओर आ रहे हैं। इसके बाद एसपी आनंद कुलकर्णी के निर्देश पर क्राइम ब्रांच, शहर कोतवाली, इमलिया सुल्तानपुर, रामकोट थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में घेराबंदी कर दी।
इसी दौरान गौरा गांव तिराहे की तरह एक बाइक पर सवार तीन लोग आते दिखे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो सभी ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। गोली लगने से एक बदमाश वहीं, ढेर हो गया। वहीं, बदमाशों की फायरिंग में शहर कोतवाल जैनुद्दीन अंसारी, क्राइम ब्रांच का सिपाही रवि वर्मा गोली लगने से घायल हुए हैं। उपनिरीक्षक इसरार को भी चोटें आई हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया की मारे गए बदमाश की पहचान लखीमपुर खीरी की शरीफ बंजारा के रूप में हुई है। वह शातिर अपराधी था। उसके ऊपर विभिन्न थानों में लूट डकैती के करीब 20 मामले दर्ज थे । एडीजी की तरफ से उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।