एलडीए से फ्लैट या प्लॉट खरीदने वाले आवंटियों के लिए अब किस्त जमा करना आसान हो जाएगा। प्राधिकरण उन्हें मोबाइल एप के माध्यम से किस्त जमा करने की सुविधा देगा। यही नहीं एलडीए से जुड़ी अन्य सुविधाओं की जानकारी पाने व शिकायत करने की सुविधा भी आवंटियों को इस एप में मिलेगी।
वीसी प्रभु एन सिंह ने आवंटियों की सहूलियत के लिए एलडीए के कम्प्यूटर सेक्शन को एप तैयार करने के लिए कहा है। इस पर काम भी शुरू हो चुका है। अगले दो से तीन माह में मोबाइल एप तैयार कर लिया जाएगा। इसके बाद उपयोग के लिए इसे लॉन्च कर दिया जाएगा।
अभी मोबाइल एप को एंड्रॉयड प्लेटफार्म पर ही लांच करने की योजना है। इसके बाद इसे आईफोन यूजर्स के लिए बनाने पर फैसला एलडीए लेगा। एलडीए के कंप्यूटर सेक्शन के प्रभारी अधिकारी एसबी भटनागर ने बताया कि हम कोशिश कर रहे हैं कि एप में आवंटियों से जुड़ी सभी सुविधाओं को शामिल किया जाए। मोबाइल एप को पूरी तरह यूजर फ्रेंडली रखा जाएगा।