फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lucknow News: 230 रुपये के बकाये पर कटी बिजली आठ दिन बाद शिविर में हुई चालू

विज्ञापन
​शिविर में समस्याएं लेकर पहुंचे बिजली उपभोक्ता।
विज्ञापन
लखनऊ। प्रीपेड मीटर की बिजली न काटने के ऊर्जा मंत्री के आदेश के बावजूद स्मार्ट कंपनी के कर्मचारियों ने आठ मई को 230 रुपये के बकाये पर बांसमंडी निवासी नफीस के घर की बिजली काट दी। खास बात यह है कि वह बिल जमा करके भी बिजली चालू करवाने के लिए भटकते रहे। हेल्पलाइन नंबर 1912 से लेकर हुसैनगंज कार्यालय तक से मदद नहीं मिली। आठवें दिन शुक्रवार को नफीस फरियाद लेकर शिविर में पहुंचे तो बिजली पांच मिनट में चालू हो गई। पहले दिन चारों जोन में आयोजित शिविरों में कुल 371 पीड़ित समस्याएं लेकर पहुंचें। इनमें से 105 का समाधान हुआ तो लोग खुशी-खुशी घर लौटे।
विज्ञापन

हुसैनगंज 1912 सेंटर पर आयोजित शिविर में पहुंचे नफीस ने अधीक्षण अभियंता मुकेश त्यागी को बताया कि आठ मई को उनकी बिजली काट दी गई। इस पर मुकेश उन्हें समझाने में जुट गए कि अब बिजली कट ही नहीं सकती। जब नफीस ने बकाया बिल जमा करने की रसीद दिखाई तो मुकेश स्मार्ट कंपनी की करतूत से शर्मसार हो गए। उन्होंने कंपनी के कर्मचारी उदय को बुलाकर पांच मिनट में बिजली चालू कराई।

बिरहाना निवासी पवन मिश्रा ने बताया कि उनके प्रीपेड मीटर में बृहस्पतिवार दोपहर से बिजली नहीं आ रही है। वह रिचार्ज भी नहीं कर पा रहे हैं। इस पर मीटर बदलने के आदेश दिए गए। शिविर में दोस्त भारत भूषण कोहली के साथ पहुंचे सदर तिकोनिया निवासी 89 वर्ष के एसएन जग्गी ने बताया कि वह बिल नहीं देख पाते हैं। काउंटर तक पहुंचने में लाचार हैं। तीन बार उनकी बिजली कट चुकी है। शिविर में उनके मोबाइल नंबर को सिस्टम पर दर्ज किया गया। अब उन्हें व्हाट्सएप पर बिल का मेसेज मिलेगा।
विज्ञापन






इनकी समस्याओं का हुआ समाधान

दुबग्गा में काकराबाद की निर्मला का 10,077 रुपये का बिल सही होकर 541 रुपये हुआ। जेहटा की राज दुलारी का 4942 रुपये का बिल 1082 रुपये का हुआ। छदुईय्या के मोहर्रम अली का 84,158 का बिल सही होकर 59,514 रुपये हुआ। जेहटा के वेद प्रकाश, काकोरी के ब्रजकुमार तिवारी, हाजी कॉलोनी के श्रीभगवान का खराब मीटर बदला गया।

आशियाना में अनुपमा तिवारी का कनेक्शन बेटे पवन के नाम किया गया। शिवबोधनी तिवारी के कनेक्शन को स्थायी करने की शिकायत दर्ज हुई। अशोक श्रीवास्तव ने कनेक्शन पर बहन ज्योति का नाम सही कराया। संजीव सिंह भदरुख ने चार माह में बिल बनने की शिकायत दर्ज कराई। फैजुल्लागंज में अपर्णा दास का लोड दो से चार किलोवाट किया गया। रूबी शुक्ला का मोबाइल नंबर अपडेट किया गया और रामचंद्र शर्मा के बिल में सुधार किया गया। बैद्यनाथ त्रिपाठी को नया बिल बनाकर दिया गया।
विज्ञापन






पहले दिन शिविरों का हाल

जोन दर्ज शिकायतें समाधान

अमौसी 181 40

लखनऊ मध्य 118 28

गोमतीनगर 44 27

जानकीपुरम 28 12
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें