32 केवी पारेषण उपकेंद्र नीबू पार्क के सिस्टम को ढकने वाले जाल का रस्सा सोमवार सुबह टूट कर 40 एमवीए के पावर ट्रांसफार्मर पर गिर गया।
इससे 33/11 केवी के 11 उपकेंद्र ठप हो गए। इसके चलते एक लाख उपभोक्ताओं की बिजली गुल होने के साथ ही पुराने लखनऊ और राजाजीपुरम की जलापूर्ति ठप हो गई। पारेषण उपकेंद्र से बिजली को सामान्य होने में पांच घंटे का वक्त लगा।
यह रस्सा सोमवार सुबह 7:30 बजे टूटा, जिससे 40-40 एमवीए के दो पावर ट्रांसफार्मर बंद हो गए। जबकि तीसरा 40 एमवीए का पावर ट्रांसफार्मर ओवर लोडिंग के चलते बंद हुआ।
इससे 33/11 केवी उपकेंद्र नीबू पार्क, विक्टोरिया, मेडिकल कॉलेज, नादान महल रोड, चौपटिया, गऊघाट, रेजीडेंसी, हनुमान सेतु, इक्का स्टैंड डालीगंज, लखनऊ विवि एवं अमीनाबाद की बिजली बंद हो गई।
सुबह-सुबह ठाकुरगंज से अमीनाबाद, निशातगंज से नादान महल रोड और मेडिकल कॉलेज से बलरामपुर अस्पताल तक की बिजली आपूर्ति में व्यवधान आया।
इसके बाद इंजीनियर पहुंचे और रखरखाव कार्य शुरू हुआ। अधिशासी अभियंता इमादुद्दीन खान ने बताया कि पावर ट्रांसफार्मर पर जाल के गिरने से बड़ा हादसा तो टल गया, लेकिन आपूर्ति दोपहर तक सामान्य हो पाई।
उन्होंने बताया कि सुबह 8:15 बजे एक पॉवर ट्रांसफार्मर चालू किया तो मेडिकल कॉलेज और विक्टोरिया उपकेंद्र को आपूर्ति की गई। दूसरा पावर ट्रांसफार्मर सुबह 10:30 बजे और तीसरा दोपहर 12:30 बजे चालू हो सका।