फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP News: बिना बताए लोड बढ़ाने पर भड़के बिजली उपभोक्ता, दफ्तरों में किया हंगामा; इंजीनियरों-कर्मियों से भिड़ंत

Sun, 05 Jul 2026 10:58 AM IST
Bhupendra Singh अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ

सार

राजधानी में बिजली का लोड बढ़ने पर उपभोक्ता भड़क उठे। अमौसी, लखनऊ मध्य, जानकीपुरम, गोमतीनगर कार्यालयों में जमकर हंगामा किया। इस दौरान इंजीनियरों-कर्मियों से भिड़ंत भी हुई। 5000 लोग लोड घटाने की अर्जी लेकर पहुंचे। इसमें 500 उपभोक्ताओं का प्रार्थना पत्र मंजूर किया गया। आगे पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन
लोड बढ़ने की शिकायत लेकर पहुंचे उपभोक्ता। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजधानी लखनऊ में पावर कॉर्पोरेशन के अशोक मार्ग स्थित मुख्यालय शक्ति भवन के अफसरों ने शुक्रवार को आम जनता का विद्युत भार बढ़ा दिया। इसका मेसेज मिलने से भड़के करीब चार हजार उपभोक्ताओं ने शनिवार को अमौसी, लखनऊ मध्य, जानकीपुरम, गोमतीनगर कार्यालय पहुंचकर खूब हंगामा किया। इनकी इंजीनियरों और कर्मचारियों से भिड़ंत तक हो गई। मारपीट पर आमादा लोगों के गुस्से को देखते हुए कर्मचारी कार्यालय छोड़कर भाग खड़े हुए।

विज्ञापन


शक्ति भवन के आरएमएस (रेवेन्यू मैनेजमेंट सिस्टम) इकाई के जिम्मेदारों ने राजधानी के 3,87,304 उपभोक्ताओं का विद्युत लोड बढ़ा दिया है। इसका रिकॉर्ड लेकर कार्यालयों में हंगामा करने वालों का आरोप था कि प्रबंधन ने राजस्व बढ़ाने के लिए गुपचुप तरीके से उपभोक्ताओं की जेब काटने का रास्ता अपनाया है। चौक के रमेश गौड़ का कहना था कि स्मार्ट मीटर की गुणवत्ता पर सवाल उठा है, उसकी कार्यप्रणाली के आधार पर लोड बढ़ाना गलत है। चारों जोन में पांच हजार से ज्यादा लोग लोड घटाने की अर्जी लेकर पहुंचे, जिसमें 500 की ली गई।

केस एक :

ठाकुरगंज के मल्लाहीटोला निवासी रेयाज को विद्युत भार बढ़ाए जाने का मेसेज मिला। उन्होंने हुसैनगंज कार्यालय में प्रार्थना देकर बढ़ाए लोड को कम करने का अनुरोध किया। रेयाज का दावा है कि पूरे वर्ष तीन किलोवाट के अंदर ही विद्युत भार का इस्तेमाल किया। बावजूद इसके लोड चार किलोवाट करके 1800 रुपये जुर्माना लगा दिया गया।

केस दो :

जानकीपुरम के अधिवक्ता विनय कृष्ण पांडेय के घर में चार किलोवाट का बिजली कनेक्शन है। दो एसी चलने पर भी लोड 3.28 किलोवाट ही रहता है। विनय का कहना है कि बावजूद इसके विद्युत भार पांच किलोवाट करना गलत है। उपभोक्ताओं के उत्पीड़न के मामले को कोर्ट में ले जाएंगे।

यह है नियम

गोमतीनगर के मुख्य अभियंता सुशील गर्ग ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिन उपभोक्ताओं ने स्वीकृत लोड से लगातार तीन माह या फिर अलग-अलग माह में तीन बार ज्यादा लोड पर बिजली का उपभोग किया है, उन्हीं का लोड बढ़ाया गया है।
 
विज्ञापन

ऐसे देना होगा चार्ज

लखनऊ मध्य जोन के अधीक्षण अभियंता वाणिज्य मुकेश त्यागी ने बताया कि घरेलू उपभोक्ताओं को प्रति किलोवाट के हिसाब से 110 रुपये और कॉमर्शियल उपभोक्ताओं को 330 रुपये प्रति किलोवाट की दर से चार किलोवाट तक लोड देना होगा। इससे ज्यादा विद्युत भार होने पर 450 रुपये प्रति किलोवाट की दर से हर महीने फिक्स चार्ज देना पड़ेगा।

किस जोन में कितने उपभोक्ताओं का बढ़ा लोड

अमौसी 1,63,343
जानकीपुरम 85,948
गोमतीनगर 73,831
लखनऊ जोन 64,682
कुल 3,87,304
 

जांच के बाद घटाया जाएगा लोड

अमौसी जोन के मुख्य अभियंता राम कुमार ने कहा कि जिन उपभोक्ताओं को बिजली लोड बढ़ाए जाने पर आपत्ति है वे अधिशासी अभियंता कलेक्शन के पास प्रार्थना पत्र दे सकते हैं। मीटर की जांच के बाद यदि लोड कम मिलेगा तो घटा दिया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें