उपभोक्ताओं को बिजली कनेक्शन के लिए अब लंबा इंतजार नहीं करना होगा। पावर कॉर्पोरेशन ने सौभाग्य योजना की कामयाबी के लिए ई-संयोजन एप तैयार कराया है, जिसके माध्यम से डिजिटल प्रणाली से आवेदन की प्रक्रिया पूरी कराकर महज 15 मिनट में कनेक्शन स्वीकृत किए जाएंगे।
अब तक 4000 लोगों को ई-संयोजन एप के जरिये बिजली कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं। प्रमुख सचिव ऊर्जा व पावर कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष आलोक कुमार का कहना है कि इस एप के जरिये कनेक्शन देने की प्रक्रिया काफी आसान हो गई है।
आलोक कुमार ने बताया कि ई-संयोजन मोबाइल एप के माध्यम से उपभोक्ता के स्थल पर जाकर आवेदक की हर तरह की जरूरी जानकारी ली जा सकती है। एप की विषेशता यह है कि यह सर्वर से सीधा जुड़ा है जिससे उपभोक्ताओं को डिजिटल सेवाएं तत्काल उपलब्ध हो सकेंगी।
एप पर उपभोक्ता का पंजीकरण किए जाने के बाद उसका पंजीकरण नंबर तत्काल मोबाइल पर एसएमएस द्वारा प्राप्त हो जाएगा। पंजीकरण के बाद साइट निरीक्षण किया जाएगा और लागत इस्टीमेट तैयार किया जाएगा। इसके बाद मीटर लगाया जाएगा। उपभोक्ता का अकाउंट नंबर उसके मोबाइल पर उपलब्ध कराया जाएगा।
इस एप की सहायता से उपभोक्ता अपने अकाउंट की जानकारी कर सकेंगे। उपभोक्ता अपने बिल का भुगतान ऑनलाइन कर सकेंगे। बिजली संबंधित कोई समस्या होने पर एप के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
शिकायत दर्ज कराने के कुछ ही समय बाद उपभोक्ता को ग्राहक सेवा केंद्र की तरफ से फोन आएगा जो समस्या सुनकर उसका निराकरण कराएगा। उपभोक्ता अपनी समस्या के समाधान की प्रक्रिया ऑनलाइन देख भी सकेंगे।