लखनऊ। बीकेटी के साढ़ामऊ उपकेंद्र इलाके में 50 हजार रुपये लेकर महिला को दो किलोवाट का बिजली कनेक्शन देने का मामला सामने आया है। मामला चर्चा में आया तो आनन फानन में मीटर उतार लिया गया। जांच की सुगबुगाहट हुई तो दोबारा मीटर लगाकर शनिवार को बिजली बहाल कर दी गई।
अब तक की जांच में सामने आया है कि दो जिम्मेदारों ने 40 मीटर से अधिक दूरी पर बिना एस्टीमेट के कनेक्शन दिया था। जांच रिपोर्ट सोमवार को उच्च अधिकारियों को सौंपी जाएगी। चर्चा है कि लेनदेन में अहम भूमिका निभाने वाले बिचौलिये को पैसे न मिलने पर उसने ही मामला उजागर कर दिया।
पीड़िता कल्पना राजपूत का कहना है कि उनका घर पोल से दूर है। ऐसे में उनके पति ने 50 हजार रुपये देकर कनेक्शन लिया था। वह बिजली उपभोग का बिल भी नियमित जमा कर रही थीं। बीच में वह मायके गईं तो मीटर हटाकर बिजली काट दी गई। उन्होंने उपकेंद्र पर जाकर पूछताछ की तो बताया गया कि यह कनेक्शन किसी और कल्पना राजपूत के नाम होना था।
साक्ष्य मांग रही जांच टीम
आरोप है कि बड़े अफसर के इशारे पर कनेक्शन देने वाली टीम को बचाया जा रहा है, इसलिए जांच टीम महिला से 50 हजार रुपये देने का साक्ष्य पेश करने का दबाव बना रही है, जबकि 40 मीटर से अधिक दूरी पर बिना एस्टीमेट कनेक्शन देना ही अनियमितता का बड़ा सबूत है।
रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
अधिशासी अभियंता पंकज गुप्ता ने बताया कि सोशल मीडिया पर मामला वायरल होने के बाद शीर्ष स्तर से निर्देश मिलने पर दो सदस्यीय कमेटी गठित कर जांच शुरू कराई गई है। फिलहाल महिला के घर मीटर लगाकर बिजली बहाल कर दी गई है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।